नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों की हड़ताल को रायपुर नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ ने दिया समर्थन… मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मांगों को पूरा करने अनुरोध…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों की हड़ताल को रायपुर नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ ने समर्थन दिया है। एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर प्लेसमेंट कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उन्हें पूरी करने का अनुरोध किया है।
प्रमोद जाधव ने मुख्यमंत्री से अनुरोध करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के कुल 184 नगरीय निकायों (नगर निगम 14, नगर पालिका 50 व नगर पंचायत 120) में विगत कई वर्षों से लगभग 20 हजार कर्मचारी प्लेसमेंट के माध्यम से (उच्च कुशल / कुशल / अर्द्धकुशल / अकुशल) कार्यरत हैं। ये सभी अपने अधीनस्थ अधिकाकियों द्वारा दिये गये कार्यों का निष्ठापूर्वक संपादन करते रहे हैं। प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की प्रमुख मांग है नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को शासन के अन्य विभाग (जल संसाधन, PWD, PHE व वन विभाग आदि) के तर्ज पर निकायों से सीधे वेतन का भुगतान किया जाये। नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को श्रम सम्मान राशि रू. 4000/- दिया जाये। प्लेसमेंट कर्मचारियों की इन मांगों का रायपुर नगर निगम अधिकारी/कर्मचारी एकता संघ समर्थन करता है। मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि हड़ताल में शामिल रहे कर्मचारियों को उनके कार्य से निकालने की कार्यवाही न की जाये। उक्त मांगों पर शीघ्र विचार हो, जिससे निकायों का कार्य प्रभावित न होने पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *