मिसाल न्यूज़
रायपुर। एयरटेल कंपनी में काम करने वाले एक युवक को वाई फाई लगवाने के नाम पर एक खंडहरनुमा मकान में बुलवाया गया। जहां दो युवतियां पहले से मौजूद थीं और बाद में दो युवक पुलिस वाला बनकर पहुंचे। लड़की के साथ गलत काम करने का झूठा आरोप लगाकर फंसा देने की धमकी देते हुए फोन कंपनी कर्मचारी से 8 हजार लूट लिए गए। पुलिस इस मामले से जुड़े 5 लोगों को गिरफ्तार करने में कामयाब रही।
रायपुर एसएसपी संतोष सिंह ने आज मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि डीडी नगर निवासी राघव मिश्रा एयरटेल कंपनी में वाई फाई लगाने का काम करता है। यश प्रजापति नामक युवक की राघव से जान-पहचान रही है। यश ने अन्नु अग्रवाल नाम की युवती को राघव का मोबाईल नंबर दिया। अन्नु अग्रवाल द्वारा आवेदक के मोबाईल पर कॉल कर एयरटेल का वाई फाई लगवाना है कहकर बातचीत की गई। वह अपना गलत नाम पायल साहू बताई। वह बोली कि मेरी दोस्त खुशबू तिवारी के पति काका ढाबा के पास स्थित फैक्टरी में गार्ड का काम करते थे। मेरी दोस्त का पति से डायवोर्स हो गया है। वह उनके साथ नहीं रहती है। अब पति की जगह पर मेरी दोस्त गार्ड का काम करती है। उसी जगह पर वाई फाई लगाना है। अन्नु ने वाट्स एप के माध्यम से लोकेशन शेयर की। उस लोकेशन पर राघव पहुंचा और उसे कॉल किया। खंडहर जैसे मकान के भीतर अन्नु उसे लेकर गई। उसी स्थान पर एक अन्य युवती खुशबू तिवारी मौजूद थी। राघव को शंका हुई कि कुछ गड़बड़ है। तभी अन्नु वाशरूम जाने के बहाने बाहर निकली और अपने पुरूष साथियों को कॉल कर बुलाई। शंका होने पर राघव बाहर निकल ही रहा था कि प्रदीप सिंग बोपाराय व मदन सोना वहां पहुंचे। दोनों राघव से मारपीट कर बोले कि लड़की के साथ गलत कर रहे हो। दोनों अपने आप को पुलिस वाला होना बताकर थाने ले जाने की धमकी दिए और मारपीट की। इसके बाद चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी देते हुए उससे 8 हजार रूपये अपने क्युआर कोड के माध्यम से ऑन लाईन ट्रान्सफर करा लिये ।
एसएसपी संतोष सिंह ने आगे बताया कि राघव की रिपोर्ट पर आमानाका थाने में मामला दर्ज हुआ। आमानाका थाना प्रभारी द्वारा गठित टीम ने यश प्रजापति से पूछताछ की तब सारी चीजों का खुलासा हुआ। पूछताछ करने पर सभी आरोपियों ने जुर्म करना स्वीकार किया। आरोपियों को कार्यपालिक दण्डाधिकारी के समक्ष पेश कर प्रार्थी से शिनाख्त करवाई गई। प्रार्थी ने सभी आरोपियों को पहचान लिया। आरोपीगण प्रदीप सिंग बोपाराय पिता जोगेन्दर सिंग (32 साल) निवासी गुरूद्वारा के पास साकरे मुर्गी फार्म टाटीबंध, यश प्रजापति पिता अनिल प्रजापति (23 साल) निवासी मीडिया कॉलोनी सोनडोंगरी, मदन सोना पिता चिंता सोना (38 साल) निवासी ज्योति नगर कोटा, खुशबू तिवारी पति विनीत तिवारी (33 साल) निवासी दुर्गा गॉर्डन के पास हीरापुर तथा अन्नु अग्रवाल पति गजेन्द्र अग्रवाल (35 साल) निवासी सरकारी स्कूल के पास डुमर तालाब हैं।

