मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम मुख्यालय में आज अपर कमिश्नर राजेन्द्र गुप्ता के बिदाई समारोह का आयोजन हुआ। गुप्ता का स्थानांतरण अपर कलेक्टर जिला मुंगेली हो गया है। महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़ एवं निगम कमिश्नर विश्वदीप ने गुप्ता को शाल एवं श्रीफल से सम्मानित किया। साथ ही नगर निगम में परिचालक के पद पर निरंतर सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी वृंदावन पटेल का भी शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़ एवं निगम कमिश्नर विश्वदीप ने अपर कमिश्नर पर पर राजेन्द्र गुप्ता द्वारा रायपुर नगर निगम में दी गई सेवाओं की सराहना की। साथ ही परिचालक वृंदावन पटेल के कार्यों को सराहा। अपर कमिश्नर (स्वास्थ्य) विनोद पाण्डेय ने अपर कमिश्नर स्वास्थ्य के पद पर ही पदस्थ रहे राजेन्द्र गुप्ता की मेहनत एवं सतत् प्रयासों को सराहा। रायपुर शहर को देश में स्वच्छ रैकिंग में चौथा स्थान मिलने और छत्तीसगढ़ का पहला 7 स्टार शहर बनने का गौरव प्राप्त करने की उपलब्धि हेतु गुप्ता के महत्वपूर्ण योगदान को निरूपित किया। राजेन्द्र गुप्ता ने रायपुर नगर निगम सहित अपनी प्रशासनिक सेवाओं के संस्मरण सुनाए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन शाखा के अधिकारियों, कर्मचारियों की टीम और नगर निगम राजस्व विभाग की टीम के कार्यों व मेहनत की सराहना की। उन्होंने सेवाओं के दौरान सहयोग व मार्गदर्शन हेतु महापौर, सभापति एवं निगम कमिश्नर के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन अपर कमिश्नर विनोद पाण्डेय ने किया। बिदाई समारोह में अपर कमिश्नरगण व्दय यू.एस. अग्रवाल एवं श्रीमती कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता यू.के. घलेन्द्र, अधीक्षण अभियंता संजय बागडे, कार्यपालन अभियंतागण, जोन कमिश्नरगण, समेत अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

