डेयरी संचालक व्दारा पशुओं को खुला छोड़ देने से हो रही दुर्घटनाएं… निगम के जोन 8 ने डीडी नगर थाने में दिया एफआईआर करने आवेदन…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। सरोना मार्ग में डेयरी के पशुओं को छोड़ने के कारण आये दिन दुर्घटना हो रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के जोन क्रमांक 8 की ओर से आज डेयरी संचालक अरविन्द सिंह ठाकुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने आवेदन दिया गया। इसके अलावा डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड के 2 डेयरी संचालकों पर 3 हजार रुपये का जुर्माना ठोंका गया।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं निगम कमिश्नर विश्वदीप के निर्देश पर जोन 8 कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल के मार्ग निर्देशन में आवारा पशुओं की धरपकड़ सहित डेयरी संचालकों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। अभियान के अंतर्गत आज 5 आवारा पशुओं की धरपकड़ कर उन्हें काऊकैचर वाहन की सहायता से गोठान भेजा गया है। इसके साथ ही नगर निगम जोन 8 द्वारा 2 डेयरी संचालकों वार्ड क्रमांक 19 के क्षेत्र में डेयरी संचालक हरिनन्द झा पर 1000 रुपये एवं प्यारेलाल यादव पर 2000 रुपये कुल 3000 रूपये की ई चालान कार्यवाही की गयी है। वहीं जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल के निर्देश पर जोन क्षेत्र के अंतर्गत संत रविदास वार्ड में पार्थिवी प्राविन्स के समीप मुख्य मार्ग पर डेयरी संचालक अरविंद सिंह ठाकुर द्वारा अपनी डेयरी के पशुओं को बार- बार समझाइश दिए जाने के बाद भी सड़क मार्ग सरोना क्षेत्र में छोड़ देने और इस कारण मार्ग में आये दिन सड़क दुर्घटनाएं होने के चलते डी डी पुलिस थाना के प्रभारी के पास शिकायत कर नियमानुसार कानूनी कार्यवाही करने आवेदन जोन 8 के स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन ने दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *