मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने आज नगर निगम के जोन 4 दफ्तर पहुंचकर संबंधित जोन में आने वाले वार्डों के पार्षदों तथा अधिकारियों की बैठक ली। सोनी ने सदर बाजार वार्ड में विभिन्न मुख्य मार्गों पर पेयजल लाईन के ऊपर अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य करके केबल लाईन डाले जाने पर नाराजगी जताई। अभियान चलाकर अगले डेढ़ माह के भीतर पाईप लाईन और केबल लाईन को अलग करवाने के निर्देश दिए।
सोनी ने जोन कार्यालय में जनसमस्याएं लेकर प्रतिदिन आने वाले आमजनों की समस्याओं का निदान नहीं होने एवं टाल मटोल होने पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नगर निगम में जोन का गठन एवं जोन कमिश्नर की पदस्थापना इसीलिए की गई है कि जनता को त्वरित राहत मिले। उनकी मूलभूत समस्याओं सफाई, पानी, लाईट, सड़क आदि संबंधी कार्य त्वरित रूप से जोन में ही हो सके। उन्होंने कहा कि जोन के अधिकारियों और कर्मचारियों को पार्षदों के साथ समन्वय रखकर आमजनों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित निदान निकालने तत्काल व्यवस्था बनानी होगी। रावणभाठा फिल्टर प्लांट, अमृत मिशन योजना के कार्यों की जानकारी लेकर समीक्षा करते हुए प्रतिदिन सतत् मॉनिटरिंग कर शहर की पानी टंकियों में जल का भराव पर्याप्त रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग के अध्यक्ष मनोज वर्मा, संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी, ब्राम्हणपारा पार्षद अजय साहू, मौलाना अब्दुल रउफ वार्ड पार्षद श्रीमती अर्जुमन ढेबर, एमआईसी सदस्य प्रतिनिधि संतोष हियाल, राज्य विद्युत पॉवर कम्पनी के अधिकारीगण, जोन 4 जोन कमिश्नर अरूण ध्रुव, प्रभारी अधीक्षण अभियंता पी. राजेश नायडू कार्यपालन अभियंता फिल्टर प्लांट नरसिंह फरेन्द्र, अंशुल शर्मा (जूनियर), जोन 4 कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, सहायक अभियंता दीपक देवांगन, अनुराग पाटकर एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारी विरेन्द्र चंद्राकर उपस्थित थे।

