नगर निगम में मना अभियंता दिवस… महापौर ने कहा- हमारे इंजीनियर सौभाग्यशाली उन्हें राजधानी को सजाने संवारने का दायित्व मिला, आगे बेहतर परिणाम आएंगे

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भारत रत्न महान अभियंता मोक्षगुण्डम विश्वेश्वरैय्या की 165 वीं जयंती अभियंता दिवस पर संगी मितान सेवा समिति नगर निगम द्वारा आज नगर निगम से सेवानिवृत्त हुए वरिष्ठ अभियंताओं का सम्मान किया गया। निगम मुख्यालय के सामान्य सभा हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं निगम कमिश्नर विश्वदीप ने श्रीफल, शॉल व स्मृति चिन्ह प्रदत्त कर सेवानिवृत्त अभियंताओं का सम्मान किया। इस अवसर पर संगी मितान सेवा समिति द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में चार भिन्न घटनाओं से प्रभावित 4 हितग्राहियों को त्वरित आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करवाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्रीमती मीनल चौबे तथा निगम कमिश्नर विश्वदीप ने भारत रत्न महान अभियंता मोक्षगुण्डम विश्वेश्वरैय्या के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन कर किया। संगी मितान सेवा समिति के अध्यक्ष नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्रालय के ओएसडी निशीकांत वर्मा, अधीक्षण अभियंतागण राजेश राठौर, संजय बागड़े, पी. राजेश नायडू, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंतागण, सहायक अभियंतागण, उप अभियंतागण ने महापौर श्रीमती मीनल चौबे, निगम कमिश्नर विश्वदीप, सूडा के मुख्यअभियंता राजेश शर्मा एवं नगर निगम के मुख्य अभियंता यू. के. धलेन्द्र का बुके देकर स्वागत किया।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने सभी अभियंताओं को भारत रत्न महान अभियंता मोक्षगुण्डम विश्वेश्वरैय्या की 165 वीं जयंती और अभियंता दिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। महापौर ने कहा कि नगर निगम के समस्त इंजीनियर राजधानी रायपुर के वर्तमान है। यहां के इंजीनियर सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें राजधानी को सजाने व संवारने का दायित्व मिला। आगे इसके बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।

निगम कमिश्नर विश्वदीप ने कहा कि जीवन में मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। नगर निगम के प्रत्येक इंजीनियर को अपना दायित्व अच्छी तरह निर्वहन करने का प्रण लेना चाहिए।

सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता विनोद कुमार चतुर्वेदी ने निगम कमिश्नर विश्वदीप की सहज सरल कार्यप्रणाली को सराहा और सभी निगम अभियंताओं से उनके प्रशासनिक कार्यों से प्रेरणा लेकर बड़े संकल्पों के साथ काम करने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा (जूनियर) एवं अंत में आभार प्रदर्शन संगी मितान सेवा समिति के अध्यक्ष निशीकांत वर्मा ने किया। सम्मान कार्यक्रम में नगर निगम में सेवारत् लगभग 100 इंजीनियरों की उपस्थिति रही।

इनका हुआ सम्मान

सेवानिवृत्त वरिष्ठ अभियंता राजेश शर्मा, हेमंत सोलंकी, सुभाष चंद्राकर, विनोद देवांगन, बी.एल. चंद्राकर, एस.पी त्रिपाठी, हरेन्द्र कुमार साहू, विनोद कुमार चतुर्वेदी, लोकेश चंद्रवंशी, सीबूलाल पटेल, आर.एन. पटेल, राकेश अवधिया, ललित वर्मा, के.के. शर्मा, विमल कुमार शर्मा तथा नगर निगम मुख्य अभियंता यू. के. धलेन्द्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *