मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आज निगम दफ्तर में ही विशाल गांधी प्रतिमा के नीचे एक दिवसीय उपवास किया। नगर निगम की आर्थिक स्थिति सुधरे की कामना लेकर यह उपवास किया गया था।
उपवास में बैठे आकाश तिवारी ने कहा कि नगर निगम की वित्तीय स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। कर्मचारियों का वेतन एवं जो जीवन भर अपनी सेवाएं देते रहे उन्हें पेंशन दे पाने की भी स्थिति में निगम नहीं है। ट्रिपल इंजन की सरकार में बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं लेकिन धरातल पर वस्तुस्थिति बहुत ही दयनीय है। वार्डों में छोटे-छोटे विकास कार्यों के लिए पार्षदगण जोन अफसरों के चक्कर काट रहे हैं। 50 हजार से लेकर 1 लाख तक के विकास कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं। पिछले 6 माह से संधारण मद का एक भी पैसा जोनों में नहीं पहुंचा है, जिसके कारण पार्षदों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए जूझना पड़ रहा है।
अधोसंरचना मद में 100 करोड़ रुपए रायपुर नगर निगम को राज्य सरकार से लेना है। दिवाली में मात्र 7 करोड़ रुपए ही आवंटित हुआ। मुद्रण शुल्क में जो भूमि भवन रजिस्ट्री का एक प्रतिशत राज्य सरकार नगर निगम को आवंटित करती है, उस शुल्क का भी आवंटन 80 करोड़ रुपए रायपुर नगर निगम को नहीं हो पाया है। बार लाइसेंस का 15 करोड़ रुपए भी नगर निगम को अभी तक प्राप्त नहीं हो पाया है। वार्डों में नाली पुलिया के निर्माण कार्य तक नहीं हो पा रहे हैं।
तिवारी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री (नगरीय प्रशासन) अरुण साव से मिलकर मांग की गई थी कि प्रति वार्ड को 50 लाख रुपए शुल्क दिया जाए। उन्होंने मांग पूरा करने का आश्वासन भी दिया था। नगर निगम से उप मुख्यमंत्री के पास प्रस्ताव बनकर जा चुका है लेकिन राशि अप्राप्त है। यही कारम है कि आज नगर निगम मुख्यालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक एक दिवसीय उपवास किया गया।
उपवास में पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे, प्रदेश कांग्रेस सचिव शिव सिंह ठाकुर, पार्षद श्रीमती जयश्री नायक, शेख मुशीर एवं बब्बी सोनकर उपस्थित थे।

