डॉ. रमन सिंह ने कहा- प्रधानमंत्री के कर्तव्य बोध से प्रेरित होकर विधानसभा के शीत सत्र की शुरुआत रविवार को… 96.17 प्रतिशत प्रश्न हुए ऑन लाईन प्राप्त…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नया रायपुर के नये विधानसभा भवन में पहला सत्र 14 दिसंबर से शुरु होने जा रहा है। सत्र की शुरुआत रविवार से हो रही है। आज नये विधानसभा भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आप सभी अवगत हैं कि शनिवार और रविवार को सामान्य तौर पर सदन का अवकाश होता है परन्तु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर्तव्य बोध के आह्वान से प्रेरित होकर हमने रविवार को भी सत्र रखा है। पहले दिन विजन 2047 पर चर्चा होगी। यह महत्वपूर्ण बैठक धर्म, राष्ट्र और राज्य हित सर्वांगीण विकास पर केन्द्रित होगी। मुझे यह विश्वास है कि विजन 2047 जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सत्ता पक्ष तथा विपक्ष गम्भीर सार्थक परिणाममूलक चर्चा करेंगे। इस सत्र के लिए 96.17 प्रतिशत प्रश्न ऑन लाईन प्राप्त हुए हैं।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधान सभा 25 वर्षों की संसदीय यात्रा पूरी कर रही है। 14 दिसम्बर 2000 को राजकुमार कॉलेज के जशपुर हॉल में छत्तीसगढ़ विधान सभा की प्रथम बैठक हुई थी। छत्तीसगढ़ विधान सभा के लिए एक नई आशा, एक नया संकल्प और नये भविष्य का उदय हुआ। जहाँ डेढ़ करोड़ लोग विश्वास और आस्था के साथ, नई उम्मीद और नई आशा को लेकर आगे बढ़ रहे थे। यह छत्तीसगढ़ में लोकतंत्र की जड़ें कैसे मजबूत है, उसका पहला उदाहरण है। आज जब मैं उसकी आसंदी पर हूं तो मेरे भीतर एक ही भाव गुजता है-“यह पद शक्ति का नहीं, यह पद उत्तरदायित्व का है।” जब कोई सदस्य अपने क्षेत्र की पीड़ा का उठाता है तो उसमें केवल राजनीति नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदें और संघर्ष उनके अंदर दिखाई देता है। हमारी विधानसभा के 25 वर्षों में कुल 76 सत्रों में 773 बैठकें हुईं और इस अवधि में सदन में 3456 घंटे 19 मिनट के कार्य संपादित हुए।

डॉ. रमन सिंह ने बताया कि इस सप्तम सत्र में वित्तीय वर्ष 2025-26 का प्रथम अनुपूरक बजट 15 दिसम्बर को सदन में रखा जाएगा। प्रथम अनुपूरक बजट की मांगों पर चर्चा एवं पारण हेतु 16 दिसम्बर का दिन निर्धारित किया गया है। 16 दिसम्बर प्रथम अनुपूरक की मांगों से संबंधित विनियोग विधेयक का पुरःस्थापन, विचार तथा पारण होगा। उन्होंने बताया कि अभी तक शासकीय विधि-विषयक कार्यों के अंतर्गत छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनियमन (संशोधन) विधेयक 2025 (क्रमांक 28 सन् 2025) की सूचना प्राप्त  हुई है। इस सत्र के लिए अभी तक प्राप्त प्रश्नों की कुल 628 सूचनायें प्राप्त हुई है. जिनमें से तारांकित प्रश्नों की कुल संख्या 333 एवं अतारांकित प्रश्नों की कुल संख्या 295 है। इस सत्र के लिए 96.17 प्रतिशत प्रश्न ऑन लाईन प्राप्त हुए हैं। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव की 48 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। नियम 139 के अधीन अविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर चर्चा के लिए 1 सूचना प्राप्त हुई है। अशासकीय संकल्प की 9, शून्यकाल की 4 तथा  याचिका की 77 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि शीघ्र ही नवीन विधानसभा हमारी कल्पनाओं के अनुरूप सर्वसुविधा, संसाधनयुक्त होगी। हम पेपरलेस नेवा बायोमैट्रिक्स अटेंडेंस जैसे आधुनिकतम तकनीकी सुविधाओं की ओर आगे बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *