“अंग्रेजों के लिए मुखबिरी” कहे जाने पर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में जमकर हंगामा… स्थगित करनी पड़ी सदन की कार्यवाही…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में आज उस समय जमकर हंगामा हुआ जब निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी कह गए कि महिला सशक्तिकरण की बात वो लोग कर रहे हैं जो अंग्रेजों के लिए मुखबिरी किया करते थे। भारी शोर शराबे के कारण सभापति सूर्यकांत राठौर को सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

महिला सशक्तिकरण हेतु अल्पकालीन जन जागरुकता अभियान के आयोजन एवं  समन्वय मुद्दे पर निगम मुख्यालय में विशेष सामान्य सभा आहूत थी। भाजपा पार्षदगण सरिता दुबे, गायत्री सुनील चंद्राकर, डॉ. श्रीमती अनामिका सिंह, संजना हियाल, मनोज वर्मा, राजेश गुप्ता, कृतिका जैन, अम्बिका साहू, ममता सोनू तिवारी, अंजलि गोलछा, श्वेता विश्वकर्मा, पुष्पा रोहित साहू, रवि सोनकर, देवदत्त व्दिवेदी, स्वप्निल मिश्रा, वर्षा साहू  तथा कांग्रेस पार्षदगण अर्जुमन ढेबर, जयश्री नायक, संदीप साहू एवं शेख मुशीर ने बारी-बारी से अपनी बात रखी। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी की बोलने की बारी आई तो उन्होंने कहा कि आज नारी सशक्तिकरण जैसे गंभीर विषय पर चर्चा के लिए यहां हम पहुंचे हुए हैं। नारी सशक्तिकरण की दिशा में नगर निगम क्या कर रहा है इसका यहां कोई उल्लेख नहीं हुआ है। महिला सशक्तिकरण की बात वो लोग कर रहे हैं जो अंग्रेजों के लिए मुखबिरी किया करते थे। तिवारी के इस कथन पर सभापति सूर्यकांत राठौर ने आपत्ति की। इसके साथ ही भाजपा पार्षदगण अपनी जगह से उठ खड़े हुए और सीधे गर्भ गृह में पहुंचकर तिवारी के इस कथन पर शोर मचाने लगे। व्यवधान उत्पन्न होते देख सभापति ने सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी। कार्यवाही स्थगित होने के बाद भाजपा पार्षदों ने सामान्य सभा हॉल में ही आकाश तिवारी को उस जगह पर घेर लिया जहां पर वह बैठे थे। भाजपा पार्षदों ने न सिर्फ तिवारी के खिलाफ नारेबाजी की बल्कि उनके माइक का तार भी निकाल दिया। सभा स्थगित रहते हुए में कुछ देर तक उस जगह पर जमकर हंगामा होते रहा।

सदन की कार्यवाही दोबारा शुरु होने पर सभापति ने कहा कि आकाश तिवारी ने जो कुछ कहा उससे न सिर्फ पार्षदों बल्कि मुझे भी पीड़ा हुई है। इसके लिए वे खेद व्यक्त करें। तिवारी ने कहा कि न मैंने किसी पार्टी का नाम लिया न किसी व्यक्ति का। अंग्रेजों की मुखबिरी करने वाले लोग सिर्फ इतना कहा। तिवारी की बात पर पुनः सरिता दुबे, कृतिका जैन व राजेश गुप्ता ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। भाजपा पार्षद मनोज वर्मा ने कहा कि जब तक ये खेद नहीं व्यक्त करते इनकी कोई बात नहीं सुनी जाएगी। सभापति ने पुनः दोहराया कि तिवारी खेद व्यक्त करें। तिवारी ने कहा- सभा में जिस किसी भाजपा पार्षद को बोलने का अवसर मिला उसने कांग्रेस को कोसने का काम किया। न सिर्फ मुझे बोलने से रोका बल्कि माइक का तार भी निकाल दिया। फिर भी मेरी बातों से किसी को दुख पहुंचा हो तो माफी चाहता हूं।

नेता प्रतिपक्ष के खेद व्यक्त कर देने के बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *