रायपुर। कांग्रेस नेत्री श्रीमती दीप्ति दुबे ने कहा कि हाल ही में रायपुर नगर निगम की हुई विशेष सामान्य सभा में विपक्षी कांग्रेस पार्षदों को यह कहकर अपमानित किया गया कि ये 7 लोग जनता की समस्याओं पर बात क्या करेंगे। जबकि उन 7 में से 5 महिला पार्षद हैं।
दीप्ति दुबे ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि शायद महापौर अभी भी अपने आपको सत्ता पक्ष की ही महापौर मानती हैं। जबकि उन्हें विपक्षी पार्षद जहां से जीतकर आए उन वार्डों की जनता ने भी वोट दिया है। जिस विषय को लेकर विशेष सामान्य सभा बुलाई गई थी उसमे कांग्रेस पार्षदों ने केवल इतना आग्रह किया था कि सर्वाधिक ज्वलंत विषय वार्डों में पानी की विकराल समस्या एवं गरीब महिलाओं को 7 माह से पेंशन का नहीं मिल पाने को भी चर्चा में शामिल किया जाए। लेकिन महापौर खुद मुद्दे से भटक गईं। क्या केंद्र सरकार के गिरे हुए एजेंडे पर निगम की सामान्य सभा में चर्चा कराई जा सकती है? नगर निगम के कामकाज का संचालन अधिनियम की धारा 30 में ये बात उल्लेखनीय है कि विशेष सामान्य सभा निगम की किसी ज्वलंत एवं आकस्मिक समस्याओं पर चर्चा हेतु बुलाई जाती है न कि राजनीतिक प्रस्ताव हेतु।

