चंगोराभाठा क्षेत्र में 43 लाख के विकास कार्यों का भूमि पूजन… विधायक सोनी ने कहा- अफसरों ने पेयजल समस्या दूर करने महापौर को नहीं होने दी वांछित जानकारी

मिसाल न्यूज़

रायपुर। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी,  महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने आज डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड के चंगोराभाठा क्षेत्र में लगभग 43 लाख के विकास कार्यों का श्रीफल फोड़कर एवं कुदाल चलाकर भूमि पूजन किया। 20 लाख में नई पाईप लाईन डालने का कार्य होगा। सामुदायिक भवन, शेड, नाली आदि भी कार्य होंगे। इस अवसर पर सोनी ने इस पर गहन अप्रसन्नता व्यक्त की कि संबंधित अधिकारियों ने समय पर पेयजल समस्या दूर करने वांछित जानकारी महापौर तक को उपलब्ध नहीं करवाई।

इस अवस पर मंच से उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए विधायक सुनील सोनी ने कहा कि महापौर श्रीमती मीनल चौबे के सतत् प्रयासों से चंगोराभाठा क्षेत्र की पेयजल समस्या का निदान करने चंगोराभाठा और रायपुर जलागार का कमांड एरिया पृथक -पृथक करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इससे बड़े क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान होगा। सोनी ने इस पर गहन अप्रसन्नता व्यक्त की कि संबंधित अधिकारियों ने समय पर पेयजल समस्या दूर करने वांछित जानकारी महापौर तक को उपलब्ध नहीं करवाई। अत्यधिक विलंब से जानकारी दिए जाने के कारण इस वर्ष भी गर्मी में यहां के रहवासियों को गहन पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।

सोनी ने कहा कि चंगोराभाठा क्षेत्र में सड़क मार्ग पर बाजार विगत कई वर्षों से लगाया जा रहा है। इससे उत्पन्न सड़क यातायात की गहन समस्या को यहां रिक्त शासकीय भूमि की उपलब्धता होने पर मंडी बोर्ड से आवश्यक धनराशि स्वीकृत करवाकर दूर करेंगे। नये बाजार का निर्माण व विकास करवाकर वहां सम्मान सहित सब्जी फल व्यवसायियों को व्यवस्थापन दिलवायेंगे, ताकि अच्छा बाजार विकसित हो। साथ ही चंगोराभाठा में सड़क पर यातायात की समस्या दूर हो सके।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि चंगोराभाठा का अत्यंत तेजी के साथ निरन्तर विकास हो रहा है। पहले यहां जनसंख्या कम थी एवं यह क्षेत्र ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता था। नगर निगम क्षेत्र में सम्मिलित होने के बाद चंगोराभाठा में जनसंख्या बड़ी तेजी से बढ़ी एवं विकास भी तेज गति से लगातार से हुआ। पेयजल के संसाधन सीमित होने पर यहां पेयजल संकट सामने आया। सुनील सोनी जब महापौर थे चंगोरामाठा में नए बड़े जलागार का निर्माण करवाकर पेयजल संकट निदान की दिशा में कार्य किए थे। चंगोराभाठा जलागार से रायपुरा क्षेत्र को भी वहाँ के रहवासी नागरिकों को जलआपूर्ति की जाती रही। अब चंगोराभाठा में गहन जल संकट के निदान हेतु उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर लगभग 50 लाख रू. स्वीकृत किये गये हैं। इससे चंगोराभाठा और रायपुरा पानी टंकी का कमांड एरिया पृथक पृथक करने का कार्य प्रारंभ किया गया है। जुलाई 2026 तक चंगोराभाठा की पेयजल समस्या का स्थायी निदान कर लिया जायेगा। महापौर ने चंगोराभाठा क्षेत्र के रहवासी नागरिकों से पेयजल संकट को पूरी तरह दूर करने अपने -अपने घरों में शीघ्र रैन वाटर हार्वेस्टिंग हेतु पीट का निर्माण कार्य करवाने की अपील की। महापौर ने साफ कहा कि वर्षा जल का संचयन कर धरती माता को जल वापस करने पर ही हम सबकी आगामी पीढ़ी पेयजल संकट से बच पाएगी। महापौर ने वार्ड पार्षद श्रीमती दुर्गा यादराम साहू की वार्ड की जलसमस्या का निदान करने लगातार सक्रिय व जागरूक रहकर कार्य करने पर सराहना की।

अंत में वार्ड पार्षद श्रीमती दुर्गा यादराम साहू ने नगर निगम जोन 5 अंतर्गत डॉ खूबचंद बघेल वार्ड क्रमांक में लगभग 43 लाख के नये विकास कार्य के भूमि पूजन पर समस्त वार्डवासियों की ओर से अतिथियों को मंच से धन्यवाद ज्ञापित किया।

भूमि पूजन के अवसर पर नगर निगम जोन 5 जोन अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, पूर्व पार्षद बसंत गिरपुंजे, जोन 5 कमिश्नर खीरसागर नायक, कार्यपालन अभियंता लाल महेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता नागेश रामटेके, उपअभियंता सुश्री प्राची चौबे सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *