गुनरस पिया संगीत समारोह में गायन, नृत्य,वायलिन वादन तथा वीणा वादन की शानदार प्रस्तुति

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रसिद्ध संगीताचार्य पण्डित गुणवंत माधवलाल व्यास की 87 वीं जयंती पर स्थानीय वृन्दावन सभागृह में गुनरस पिया संगीत समारोह का आयोजन हुआ। समाजसेवी अनुराग शुक्ल के मुख्य आतिथ्य तथा वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ जावेद अली की अध्यक्षता में वरिष्ठजनों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विगत 15 वर्षों से लगातार हो रहे “गुनरस पिया संगीत समारोह” में सर्वप्रथम बाल कलाकार कु. सिया सिंघानिया ने व्यास जी द्वारा स्वरबद्ध राम स्तुति पर भावपूर्ण कथक नृत्य प्रस्तुत किया। गुनरस पिया फाउंडेशन के सभी सदस्यों ने व्यास गुरु जी द्वारा लिखित और स्वरबद्ध सरस्वती स्तवन तथा कौशल महंत द्वारा लिखित और दीपक व्यास द्वारा स्वरबद्ध गुरु वंदना को समवेत स्वर में प्रस्तुत किया। गुरु जी की शिष्या श्रीमती मंदा शशिकला मूर्ति ने राग–कलावती में ताल त्रिताल में निबद्ध बंदिश–जारे जारे जारे भंवरा प्रस्तुत किया। विलुप्त हो रहे वाद्य वीणा पर श्रीमती जे वसन्ता लक्ष्मी राव ने आदिताल पर राग हंसध्वानी प्रस्तुत कर सराहना पाई। नागपुर से पधारी ख्यातिलब्ध गायिका डॉ नीरजा वाघ ने गुरुजी की देस राग,रूपक ताल में निबद्ध बंदिश–मैं न जाऊं हरि पास री सजनी,राग–मधुकौंस,एकताल की रचना –लागी प्रीत तुमसों मोरी,के बाद राग भैरवी पर आधारित मीरा बाई के भजन–कोई कहियो रे प्रभु आवन की के भावपूर्ण गायन से प्रशंसा पाई। युवा बेला वादक महेन्द्र मोगरे ने वायलिन वादन राग–रागेश्री से आरंभ कर, भजन और धुन से समापन किया।कलाकारों के साथ डॉ एम श्रीराम मूर्ति एवं दीपक व्यास (संवादनी पर), बी. शरत एवं सुशील गोल्हानी (तबला पर),विनोद संघाणी (की बोर्ड पर) संगत दी। कार्यक्रम का संचालन उद्घोषिका श्रीमती शुभ्रा ठाकुर एवं कावेरी व्यास ने एवं आभार प्रदर्शन श्रीमती दीपा व्यास ने किया।

समारोह में डॉ विजय जोशी, विनोद शेष, अवतार सिंह धनजल,आलोक त्रिवेदी,कमल मुखर्जी, नीलम सोना सहित अनेक संगीत प्रेमी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *