रेलवे द्वारा चंडी नगर में किए जा रहे निर्माण कार्य के कारण जनता को भारी परेशानी- गोपेश साहू

रायपुर। पंडित मोतीलाल नेहरु वार्ड (कचना) के पार्षद गोपेश साहू ने कहा कि रेलवे विभाग द्वारा चंडी नगर क्षेत्र में किए जा रहे निर्माण कार्य के कारण क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को हुई हल्की बारिश के बाद स्थिति और भी गंभीर हो गई। क्षेत्र के लगभग 150 परिवारों का आवागमन प्रभावित हो गया है।

गोपेश साहू ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि चंडी नगर  के लोगों के अनुसार निर्माण कार्य के चलते मार्ग पूरी तरह से बाधित हो चुका है, जिससे लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि रास्ता पैदल चलने योग्य भी नहीं बचा है। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले नागरिकों को भारी परेशानी हो रही है। क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन एवं रेलवे विभाग से मांग की है कि समस्या का शीघ्र समाधान करते हुए वैकल्पिक मार्ग एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द उचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में बारिश के दौरान स्थिति और भी विकट हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *