0 प्रवीण्य सूची में स्थान पाने वाली बच्ची को स्कूटी भी देंगे विधायक
मिसाल न्यूज़
रायपुर। पूर्व मंत्री एवं रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत पूर्व में किए गए अपने वादे को निभाते हुए आज महोबा बाजार शासकीय स्कूल पहुंचे, जहाँ उन्होंने 90% से अधिक अंक अर्जित करने वाले प्रतिभावान 22 छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप पाँच-पाँच हजार रुपये के चेक प्रदान किए।
उल्लेखनीय है कि विधायक राजेश मूणत ने पूर्व में विधानसभा क्षेत्र के सभी स्कूलों का दौरा कर घोषणा की थी कि जो भी बच्चे बोर्ड परीक्षाओं में 90% से ऊपर अंक लाएंगे, उन्हें नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी कड़ी में आज महोबा बाजार स्कूल से इस अभियान की शुरुआत हुई। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय स्कूलों के ऐसे कुल 223 बच्चों की पहचान की गई है जिन्होंने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, इन सभी 223 बच्चों को विधायक द्वारा ₹5-5 हजार के चेक प्रदान किए जाएंगे।

इसके साथ ही, पिछले सत्र में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की प्रवीण सूची (Top-10 Merit List) में स्थान बनाकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले होनहार छात्र को 25 हजार रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। साथ ही मेरिट में आने वाली बेटी को मूणत किसी सरकारी या विधायक निधि से नहीं, बल्कि अपने व्यक्तिगत कोष (स्वयं के खर्च) से आधुनिक बैटरी वाली स्कूटी उपहार स्वरूप प्रदान करेंगे।
विधायक राजेश मूणत ने कहा की ”हमारे क्षेत्र के बच्चे ही हमारे छत्तीसगढ़ का भविष्य हैं। जब मैंने विधानसभा के स्कूलों का दौरा किया था, तब मैंने बच्चों की आंखों में आगे बढ़ने का सपना देखा था। आज मुझे बेहद गर्व है कि हमारे शासकीय स्कूलों के बच्चों ने कड़ी मेहनत कर 90% से अधिक अंक हासिल किए हैं। आज महोबा बाजार स्कूल के 22 बच्चों को प्रोत्साहन राशि के चेक सौंपकर मैंने शुरुआत कर दी है। पूरे रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में ऐसे 223 बच्चे हैं जिन्होंने 90% से अधिक अंक लाकर कमाल किया है, उन सभी 223 बच्चों को 5-5 हजार का चेक दिया जाएगा। इसके साथ ही, पिछले सत्र की प्रवीण सूची (मेरिट) में स्थान बनाने वाले प्रतिभावान बच्चों को 25,000 का चेक दिया गया है। मेरिट में आई बेटी पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा है, इसलिए मैंने निर्णय लिया है कि व्यक्तिगत खर्च पर उसे बैटरी वाली स्कूटी प्रदान करूँगा।

