मिसाल न्यूज़
रायपुर। विधानसभा में आज भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने आरोप लगाया कि मेरे बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की राशन दुकानों में दबावपूर्वक मसाले बिकवाए जा रहे हैं।
प्रश्नकाल में सुशांत शुक्ला का सवाल था कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत राशन दुकानों में माह जनवरी 2025 से मार्च 2026 तक के बचत स्टाक का सत्यापन कब-कब किया गया? सत्यापन उपरांत कौन-कौन सी राशन सामग्री कितनी-कितनी मात्रा में कम पाई गई? राशन दुकानों में पाई गई कमी के लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की गई? खाद्य मंत्री दयालदास बघेल का जवाब आया कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में 87 दुकानों की जांच कराई गई थी। यह सच है कि कुछ दुकानों में शिकायतें पाई गई थीं। सुशांत शुक्ला ने पूछा कि क्या उचित मूल्यों की दुकानों में राज्य सरकार ने मसालों की बिक्री की भी व्यवस्था की है। मंत्री ने कहा- ऐसी कोई जानकारी नहीं है। सुशांत शुक्ला ने कहा कि राशन दुकानों में दबावपूर्वक मसाले बिकवाए जा रहे हैं। महिला स्व सहायता समूह को इस काम के लिए मजबूर किया जा रहा है। कहें तो इससे संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध करा दूंगा। क्या इसकी जांच कराएंगे। मंत्री ने सदन में जांच कराने की घोषणा की।

