महतारी वंदन से जुड़े सवालों पर घिरीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े… विधायक उमेश पटेल ने दागे कई सवाल…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। विधानसभा में आज महतारी वंदन योजना से जुड़े सवालों पर श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े घिरी नज़र आईं। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने सवाल पर सवाल खड़े किए। मंत्री की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं आने पर असंतोष जताते हुए सारे कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से वाक आउट कर गए।

प्रश्नकाल में उमेश पटेल का सवाल था कि प्रदेश में महतारी वंदन योजना के प्रारंभ में कितनी पात्र महिलाओं का पंजीयन कर योजना का लाभ दिया गया और जून 2026 तक कितनी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा रहा है?  कितने अपात्र हुए और किस कारण से अपात्र होकर योजना से बाहर किए गए? क्या ई.के.वाई.सी. नहीं होने के कारण भी अपात्र किए गए?

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की ओर से जवाब आया कि प्रदेश में महतारी वंदन योजना के प्रांरभ में कुल 70 लाख 27 हजार 154 प्राप्त आवेदनों में से अद्यतन स्थिति तक पात्र 70 लाख 09 हजार 658 महिलाओं का पंजीयन कर लाभ दिये जाने हेतु प्रथम किस्त का भुगतान प्रेषित किया गया है। जून 2026 की स्थिति में 68 लाख 54 हजार 3 पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा रहा है। अब तक किसी भी हितग्राही को ई.के.वाई.सी. नहीं होने के कारण योजना से अपात्र नहीं किया गया है।

उमेश पटेल ने पूछा कि 1 लाख से  अधिक महिलाओं को महतारी वंदन की प्रथम किश्त देने के बाद अपात्र कर दिया गया। अपात्रता की डेफिनेशन क्या है? मंत्री ने कहा कि कोई आयकर दाता थी। किसी की उम्र 21 वर्ष से कम थी। कोई छत्तीसगढ़ से बाहर की थी। पटेल ने पूछा क्या ईकेवाईसी के कारण 1 लाख से अधिक लोगों का भुगतान अटका पड़ा है।  मंत्री ने कहा कि ईकेवाईसी कराने की अंतिम तिथि पूर्व में 30 जून थी, जिसे बढ़ाकर 30 जुलाई कर दिया गया है। उमेश  पटेल ने कहा कि जब से महतारी वंदन चालू हुआ पोर्टल बंद है। पोर्टल कब खुलेंगे, पात्र नई महिलाओं के नाम योजना में कब जुड़ेंगे के अलावा और भी कई सवाल उमेश पटेल ने किए। मंत्री की ओर से सवालों का जवाब भी आया लेकिन विपक्षी कांग्रेस विधायक उससे संतुष्ट नहीं हुए और शोरशराबा होने लगा। जवाब में सत्ता पक्ष के विधायक भी शोर मचाने लगे। दोनों तरफ से नारेबाजी भी हुई। मंत्री की तरफ से संतोषजनक जवाब नहीं आने की बात कहते हुए सारे कांग्रेस विधायक सदन से वाक आउट कर गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *