वधुओं को नकली मंगलसूत्र पहनाए जाने का मामला विधानसभा में उठा… विधायक अनिला भेंडिया ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना पर उठाए सवाल…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में वधुओं को नकली मंगलसूत्र पहनाए जाने के मामले को कांग्रेस विधायक श्रीमती अनिला भेंडिया ने आज विधानसभा में उठाया।

प्रश्नकाल में श्रीमती अनिला भेंडिया का सवाल था कि ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के तहत बालोद जिले में पिछले दो वर्षों में कुल कितने सामूहिक विवाह आयोजित हुए? उन पर कुल कितना व्यय हुआ?  वित्तीय सहायता में से उपहार सामग्री और विशेष रूप से आभूषण मंगलसूत्र, बिछिया आदि के लिए प्रति जोड़ा कुल कितनी राशि निर्धारित है? क्या विभाग को उपहार सामग्री की गुणवत्ता में भारी कमी और वित्तीय विसंगतियों के कारण सप्लायर फर्म के बिलों से कटौती (रिकवरी) करनी पड़ी है? यदि हाँ, तो कितनी? क्या उक्त फर्म को ब्लैक लिस्ट में डाला गया? क्या वहाँ वितरित सामग्री की गुणवत्ता की कोई लैब टेस्टिंग या वित्तीय ऑडिट कराया गया है? यदि नहीं, तो शासन इस गंभीर लापरवाही की उच्च स्तरीय या थर्ड पार्टी जांच कब तक कराएगी ?

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की ओर से जवाब आया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत बालोद जिले में पिछले दो वर्षों में कुल 7 सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ। उन पर कुल 1 करोड़ 99 लाख 95 हजार 294 रूपये की राशि व्यय हुई। योजनांतर्गत प्रति जोड़ा उपहार सामग्री अंतर्गत श्रृंगार सामग्री हेतु राशि 7 हजार रूपये की व्यय सीमा निर्धारित है। जिसके अंतर्गत वर-वधू के कपड़े, श्रृंगार सामग्री, जूते-चप्पल, चुनरी, साफा, मंगलसूत्र इत्यादि सामग्री तथा अन्य आवश्यक सामग्री का प्रावधान है। प्रति हितग्राही मंगलसूत्र, बिछिया आदि हेतु पृथक से लागत राशि निर्धारित नहीं है। सप्लायर फर्मों के बिलों से कटौती रिकवरी जैसी स्थिति नहीं रही। वितरित सामग्री की गुणवत्ता की कोई लैब टेस्टिंग या वित्तीय ऑडिट नहीं कराया गया है। गंभीर लापरवाही के प्रकरण प्राप्त न होने से उच्च स्तरीय या थर्ड पार्टी जांच की आवश्यकता प्रतिपादित नहीं है।

श्रीमती अनिला भेंडिया ने कहा कि आपने गलत आंकड़े पेश  किए। 400 जोड़े का विवाह होना बताया। मेरी जानकारी में 371 जोड़े का विवाह हुआ है। क्या ऐसे जोड़े रहे जिनका आवेदन के बाद भी विवाह नहीं हो पाया? मंत्री ने कहा कि आवेदन के बाद विवाह नहीं हो पाया ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है।

श्रीमती अनिला भेड़िया ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह में वधुओं के लिए नकली मंगलसूत्र रखे जाने की भी शिकायतें सामने आई हैं। आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई?

कांग्रेस विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने कहा कि कई ऐसे जोड़े भी सामूहिक विवाह का हिस्सा बन गए, जिनकी शादी डेढ़-दो साल पहले हो चुकी  थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *