मिसाल न्यूज़
रायपुर। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज जोन 5, 6 एवं 7 पहुंचकर संबंधित पार्षदों एवं अधिकारियों की बैठक ली। आज की बैठक का प्रमुख बिन्दू जल संकट वाले क्षेत्रों में नई पाइप लाइन बिछाने एवं पुरानी पाइप लाइन का विस्तार था।
महापौर ने अफसरों को निर्देशित किया कि परशुराम नगर की 7-8 वर्षों से लंबित पेयजल समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए नई पाइप लाइन बिछाएं। भैरव नगर में वैकल्पिक जलापूर्ति व्यवस्था तत्काल प्रारंभ करें। टैगोर नगर के बस्ती क्षेत्रों में पाइप लाइन विस्तार करें। चंगोराभाठा क्षेत्र में प्रगतिरत पाइप लाइन विस्तार कार्य को जल्द से जल्द पूरा करवाएं। जिन क्षेत्रों में प्रतिवर्ष जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, वहां जियो टैगिंग के माध्यम से विस्तृत सर्वे कराया जाए। उन्होंने अवरोधक दीवारों को हटाने, नई नालियों का निर्माण कराने, जल निकासी में बाधक अतिक्रमण हटाने, सहायक नालों की अंतिम छोर तक सफाई सुनिश्चित करने तथा जलभराव वाले सभी चिन्हित स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। कुशालपुर क्षेत्र में जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए पहाड़ी तालाब में प्रस्तावित एसटीपी निर्माण की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने कहा।

महापौर ने कहा कि रामकी कंपनी सभी क्षेत्रों में नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करे। डीडी नगर क्षेत्र में वर्षों से बंद सेप्टिक टैंक सक्शन मशीन के माध्यम से पुनः प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण पाया जाता है तो संबंधित उप अभियंता एवं अभियंता की व्यक्तिगत जवाबदेही होगी। इसके अलावा महापौर ने जोन 5 के प्रत्येक वार्ड के लिए 4-4 लाख की लागत के विकास कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन कर वेंडिंग जोन बनाने हेतु प्रस्ताव बनाकर देने कहा।
महापौर द्वारा ली गई समीक्षा बैठक में जोन 5 में जोन अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, एमआईसी सदस्य श्रीमती सुमन अशोक पाण्डेय, पार्षद आशु चंद्रवंशी, श्रीमती ममता सोनू तिवारी, श्रीमती दुर्गा यादराम साहू, कृष्णा सोनकर, एल्डरमेन रामकिंकर सिंह ठाकुर, अनिल सोनकर सहित जोन कमिश्नर खीरसागर नायक, जोन 6 की बैठक में जोन अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद श्रीमती स्वप्निल मिश्रा, श्रीमती जयश्री नायक, रवि सोनकर, प्रमोद कुमार साहू, रमेश सपहा, एल्डरमेन मनीष करडभुजे, जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, जोन 7 की बैठक में जोन अध्यक्ष श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य भोलाराम साहू, पार्षद आनंद अग्रवाल, श्रीमती रोनिता प्रकाश जगत, श्रीमती मीना ठाकुर, श्रीमती दीप मनीराम साहू, जोन 7 कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

