रायपुर में जलवायु अनुकूलन व शहरी विकास की दिशा में बड़ी पहल… नगर निगम एवं सीड इंडिया के बीच एमओयू…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। रायपुर नगर निगम एवं सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट (सीड इंडिया ) के मध्य आज जलवायु अनुकूलन, सतत् शहरी विकास एवं पर्यावरण प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज एक महत्वपूर्ण (एमओयू ) हुआ।

इस साझेदारी का उद्देश्य रायपुर शहर के लिए साक्ष्य-आधारित रणनीतियों का विकास करना तथा ऐसी प्रभावी पहलों को आगे बढ़ाना है, जो शहर की जलवायु अनुकूलन क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार सुनिश्चित करे। समझौते के अंतर्गत रायपुर नगर निगम एवं सीड इंडिया संयुक्त रूप से रायपुर हीट एक्शन प्लान के निर्माण, अर्बन हीट आइलैंड के आकलन एवं शमन, वायु गुणवत्ता प्रबंधन, जल संरक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शहरी जैव विविधता संरक्षण, हरित अवसंरचना के विकास, जलवायु अनुकूलन एवं शमन, क्षमता निर्माण, अनुसंधान एवं नीतिगत सहयोग, ज्ञान साझाकरण तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य करेंगे।

एमओयू पर हस्ताक्षर के दौरान नगर निगम की ओर से निगम कमिश्नर संबित मिश्रा एवं निगम कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा (जूनियर) तथा सीड इंडिया की ओर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी रमापति कुमार एवं स्टेट डायरेक्टर तुषार शर्मा की उपस्थिति रही।

यह साझेदारी रायपुर को जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के प्रति अधिक सक्षम,पर्यावरण-अनुकूल एवं भविष्य उन्मुख शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और संस्थागत सहयोग के आधार पर दीर्घकालिक एवं जन-केंद्रित समाधान विकसित किए जाएंगे, जिससे रायपुर में शहर के सतत् एवं समावेशी विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *