मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम के जोन 4 सहायक राजस्व निरीक्षक के साथ एक युवक व्दारा गाली-गलौच करते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने का घटना की स्याही सूख भी नहीं पाई थी कि सप्ताह भर के भीतर उसी जोन के परिसर में एक और घटना हो गई। जोन 4 कमिश्नर के वाहन चालक के साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट करने एवं जान से मारने देने का मामला सामने आया है। इस घटना से उत्तेजित जोन 4 के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सीधे निगम मुख्यालय पहुंचकर महापौर श्रीमती मीनल चौबे से मिले और कहा कि ऐसे असूरक्षित वातावरण में हम सब के लिए काम कर पाना मुश्किल है। महापौर से मुलाकात के बाद घटना की रिपोर्ट सिटी कोतवाली में दर्ज कराई गई। रिपोर्ट दर्ज होने के दौरान नगर निगम डिप्टी कमिश्नर श्रीमती अंजलि शर्मा एवं जोन 4 कमिश्नर श्रीमती दिव्या चंद्रवंशी मौजूद थीं।
कोतवाली में योगेन्द्र साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मैं नगर निगम के जोन 4 कमिश्नर का वाहन चालक हूं। आज शाम करीब 4.30 बजे युवक अनिल शर्मा जोन 4 दफ्तर पहुंचा। अनिल ने अपने पास बुलाकर तू ही मैडम का ड्रायवर है न कहते हुए अश्लील गालियां दी। मेरे द्वारा मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उसने मुझे बुरी तरह पीटा। मेरे सिर व हाथ की कलाई में चोट आई है। कार चालक की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के विरुध्द धारा 296, 115(2), 351(2) BNS 2023 के तहत मामला दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 24 जुलाई को ब्राम्हणपारा में सोहागा मंदिर के पास एक मकान में बकाया संपत्ति कर की नोटिस चस्पा कर रहे जोन 4 के सहायक राजस्व निरीक्षक के साथ एक युवक ने गाली-गलौच करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी थी। सहायक राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट पर आजाद चौक थाना पुलिस ने दोषी युवक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।

