हॅसने-मुस्कराने का दूसरा नाम ‘तोर मयारू मोर मयारू’- इशिका  यादव

मिसाल न्यूज़

2026 वाले इस साल में छत्तीसगढ़ी सिनेमा की कुछ नायिकाएं जो सुर्ख़ियों में हैं, इशिका यादव उनमें एक हैं। 4 सितम्बर को रिलीज़ होने जा रही मल्टी स्टारर छत्तीसगढ़ी फ़िल्म ‘तोर मयारू मोर मयारू’ के पोस्टर में उनका चेहरा छाया हुआ है। इशिका यादव कहती हैं- “तोर मयारू मोर मयारू का सबसे ज़्यादा ख़ास पक्ष कहानी का घुमावदार होना है। ऐसी कहानी जो हर थोड़ी-थोड़ी देर में गुदगुदाते हुए दर्शकों को चेहरे पर मुस्कान लाएगी। ख़ूब हॅसाएगी।“

‘मिसाल न्यूज़’ ने हाल ही में इशिका यादव से ‘तोर मयारू मोर मयारू’ को लेकर उनके मन की बात जानने की कोशिश की। बातचीत के मुख्य अंश यहां प्रस्तुत हैं-

0 ‘तोर मयारू मोर मयारू’ का हिस्सा कैसे बनीं…

00 फ़िल्म के सारे कलाकारों की कास्टिंग मनीष मानिकपुरी जी ने की है। वो ही मुझे इस फ़िल्म में लेकर आए।

0 किरदार क्या है…

00 लोवर मिडिल क्लास परिवार की चुलबुली लड़की का। जो चंचल होने के साथ खरी-खरी बोलने वाली है। मुझे देख  विलेन हंटर सिंह (संजय महानंद) की नीयत डोल जाती है। फ़िल्म में अमलेश नागेश व मन कुरैशी दोनों के साथ मेरे काफ़ी सीन हैं।

0 दोनों हीरो को लेकर क्या अनुभव रहा…

00 अमलेश अपने काम के प्रति जितने गंभीर हैं, उतने ही फ़ुरसत के क्षणों में मज़ेदार। सेट पर जब शूट नहीं चल रहा होता या फिर लंच-डिनर का टाइम होता अमलेश मस्ती मज़ाक में पीछे नहीं रहते थे। उनकी कॉमेडी पर्दे पर और उसके बाहर दोनों तरफ नेचुरल है। मानो यह कला उन्हें गॉड गिफ्टेड हो। मन के साथ मेरी जोड़ी इन दिनों काफ़ी पसंद की जा रही है। पिछले दिनों उनके साथ मेरी ‘मया दे दे मयारू- 2’ आई अब ‘तोर मयारू मोर मयारू’ का नंबर है। इसके बाद हम दोनों की ‘फूलकुंवर’ आएगी। मन काफ़ी सालों से इस इंडस्ट्री में हैं। समय-समय पर मुझे उनका गाइडेंस मिलते रहता है।

0 इस फ़िल्म को बनाने में जिन लोगों की भूमिका रही, उनके बारे में क्या राय है…

00 प्रोड्यूसर प्रणय गर्ग जी, जाने-माने फ़िल्म मेकर मनीष  मानिकपुरी जी एवं डायरेक्टर राहुल प्रताप सिंह जी ने फ़िल्म को बेहतर स्वरुप देने में कोई कसर बाकी नहीं रखी। अच्छा लगता था, जब कुछ मौके पर राहुल जी ने मेरे काम की तारीफ़ की। किसी सुलझे हुए डायरेक्टर से तारीफ़ मिले तो कलाकार का हौसला बढ़ता है।

0 इशिका का साड़ी वाला अंदाज़ इन दिनों फ़िल्मों व फ़िल्मों के बाहर छाया हुआ है। हर इवेन्ट में साड़ियों में नज़र आ रही हैं…

00 हां, इन दिनों जींस टॉप या शूट कम पहन रही हूं। शुरुआत में जब कुछ इवेंट में साड़ी में पहुंची तो क़रीबी लोगों का यही कहना रहा कि साड़ी वाली इशिका कुछ ज़्यादा अच्छी लग रही है। कुछ साड़ी वाली कुछ तस्वीरों में जब ख़ुद को ध्यान से देखा तो लगा कि शुभचिंतक कुछ ग़लत नहीं बोल रहे। बस इन दिनों कोशिश यही रहती है कि ख़ास अवसरों पर साड़ी में ही घर से बाहर निकलना हो।

0 कोई बड़ी तमन्ना…

00 इशिका न सिर्फ़ छत्तीसगढ़ बल्कि उसके बाहर भी पहचान कायम करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *