नगर निगम में अब महापौर व एमआईसी सदस्यों का कागज-पेन से वास्ता रहेगा कम… ई-ऑफिस प्रणाली की ली ट्रेनिंग…

मिसाल न्यूज़

रायपुर।  नगर पालिक निगम में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निगम मुख्यालय भवन के सभाकक्ष में हाल ही में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम रखा गया। प्रशिक्षण में मेयर इन कौंसिल सदस्यों ने सहभागिता करते हुए ई-ऑफिस प्रणाली का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे समेत अपर कमिश्नर विनोद पाण्डेय, डिप्टी कमिश्नर (आई.टी.) तोरण शर्मा एवं सचिव श्रीमती संगीता साहू उपस्थिति थे।

प्रशिक्षण में नगर निगम के प्रोग्रामर द्वारा ई-ऑफिस एवं ई-फाइल प्रणाली के संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई। पोर्टल में लॉग-इन करने की प्रक्रिया से लेकर फाइल एवं डाक (पत्राचार) के संचालन तक की समस्त प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया गया। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने राज्य शासन की मंशा के अनुरुप स्वयं ई-ऑफिस प्रणाली का उपयोग करने की बात कही। उन्होंने समस्त एमआईसी सदस्यों से भी इसके नियमित उपयोग का आग्रह किया।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में नगर निगम में समस्त कार्यालयीन कार्य जैसे डाक, नस्ती, फाइल एवं पत्राचार ई-ऑफिस के माध्यम से संपादित किया जाना अनिवार्य कर दिया गया है। इस व्यवस्था से कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, गतिशीलता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होगी। कागज रहित (पेपरलेस) कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलेगा तथा फाइलों एवं पत्राचार के निराकरण में समय की बचत होगी, जो अंततः निगम हित एवं नागरिकों को दी जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में वृद्धि हेतु सहायक सिद्ध होगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मीनल चौबे, एमआईसी सदस्य श्रीमती सरिता दुबे, श्रीमती गायत्री चंद्राकर, श्रीमती सुमन पाण्डेय, महेन्द्र खोड़ियार, दीपक जायसवाल, संतोष साहू, अवतार सिंह बागल, अमर गिदवानी, भोला राम साहू, नंदकिशोर साहू एवं खेम कुमार सेन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *