राजधानी की सफाई व्यवस्था ठीक करने निगम कमिश्नर का बड़ा प्रयोग… अधिनस्थ सभी बड़े अफसरों को लगाया काम पर… तस्वीरों को वाट्स अप ग्रुप में डालना होगा…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने निगम मुख्यालय में पदस्थ कई बड़े अफसरों को निर्देशित किया है कि सुबह 7 बजे से वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था देखें। यह काम ,सप्ताह में कम से कम 3 दिन जरूर करना है। भ्रमण की तस्वीरें नगर निगम के अलग से ख़ास तौर बनाकर रखे गए वाट्स अप ग्रुप में साझा करें।

निगम कमिश्नर ने एक आदेश निकाला है कि निगम मुख्यालय के अधिकारी निगम अपर कमिश्नरगण लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा व विनोद पाण्डेय, प्रभारी मुख्य अभियंता संजय बागड़े, प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर  मोहम्मद इमरान खान,  प्रदीप यादव, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, डिप्टी कमिश्नर व्दय श्रीमती जागृति साहू व डॉ. अंजलि शर्मा, निगम सचिव श्रीमती संगीता साहू, कार्यपालन अभियंता पद्माकर श्रीवास, प्रभारी कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह व अंशुल शर्मा सप्ताह में कम से कम 3 दिन प्रातः 7 बजे से वार्डों का भ्रमण करने निकलेंगे। वार्डों की सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन करने के साथ-साथ नगर निगम द्वारा संचालित योजनाओं एवं चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। भ्रमण के उपरांत नगर निगम कमिश्नर के समक्ष प्रत्येक माह के अंत में अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। मॉनिटरिंग के लिए रायपुर नगर निगम द्वारा बनाये गये रायपुर डिस्ट्रिक्ट अर्बन बॉडिस फील्ड रिपोर्टिंग व्हाट्सएप्प ग्रुप में भ्रमण की तस्वीरों को साझा करेंगे। प्रत्येक अधिकारी माह में सभी 10 जोनों का भ्रमण अनिवार्य रूप से करेंगे।

ऊपर के  निर्देश

का नीचे पालन

उल्लेखनीय है कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के नए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कार्यभार ग्रहण करने के दूसरे ही दिन मंत्रालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की समीक्षा की थी। बोरा ने सभी नगर निगम कमिश्नरों तथा नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपर कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों, जोन कमिश्नरों एवं अन्य अधिकारियों के साथ रोजाना वार्डों का भ्रमण कर विभागीय वाट्स-अप ग्रुप में फोटोग्राफ्स साझा करने के निर्देश दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *