मिसाल न्यूज़
रायपुर। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने राजधानी शहर रायपुर में दीपावली पूर्व सफाई की लचर व्यवस्था को लेकर अनुबंधित सफाई एजेंसी रामकी कम्पनी के प्रतिनिधियों को आज जमकर फटकार लगाई। महापौर ने कहा कि शहर में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन कार्य करवाना रामकी कम्पनी की जिम्मेदारी है। यह जिम्मेदारी पूरी नहीं होने पर नगर निगम द्वारा नियमानुसार अनुबंध की शर्तों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दीपावली से पहले शहर में अनेक स्थानों पर कूड़े – करकट का ढेर लगा जो दिख रहा है वह डोर टू डोर कचरा कलेक्शन कार्य प्रभावी तौर पर नहीं होने के कारण से है।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज एक महत्वपूर्ण बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कूड़े – करकट के जगह-जगह लगे ढेर को तत्काल उठवाकर सफाई करवाना सुनिश्चित करें। रामकी कम्पनी के डोर टू डोर कचरा कलेक्शन कार्य की सतत मॉनिटरिंग करते हुए श्रेष्ठ गुणवत्ता से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन कार्य प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए। दीपावली के पूर्व शहर क्षेत्र साफ -सुथरा दिखना चाहिए। इसमें कोई लापरवाही कदापि सहन नहीं की जाएगी।
महापौर ने सख्त निर्देश दिए कि काम नहीं भुगतान नहीं की नीति अंतर्गत रामकी कम्पनी पर कार्रवाई नियमानुसार की जाए और कार्य का भौतिक सत्यापन करने के पश्चात ही देयकों के भुगतान पर नियमानुसार विचार किया जाए। बिना कार्य कोई भी भुगतान ना किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारीगण इसके लिए स्वयं जिम्मेदार रहेंगे।
बैठक में निगम अपर कमिश्नर (स्वास्थ्य) विनोद पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता स्वच्छ भारत मिशन योगेश कुमार कडू, उपअभियंता कृष्णा राठी, अनुबंधित सफाई एजेंसी रामकी कम्पनी के एरिया मैनेजर श्रीकांत, गंगा, भास्कर आदि की उपस्थिति रही।

