वेंडिंग जोन- 32 पथ विक्रेताओं के व्यवस्थापन हेतु 4 स्थलों का चयन

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम के जोन 5 कार्यालय में वेंडिंग जोन समिति की बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं जोन 5 कमिश्नर राकेश शर्मा ने की। इस दौरान समिति के उपाध्यक्ष एवं नगर निगम बाजार विभाग अध्यक्ष अवतार बागल उपस्थित थे। वेंडिंग जोन प्रस्ताव कार्य को पूर्ण करने हेतु नगर निगम द्वारा आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

बैठक में दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत शहरी पथ विक्रेताओं के सर्वेक्षण, पहचान, वेंडिंग जोन निर्धारण एवं अधिकार पत्र वितरण के संबंध में चर्चा की गई। वर्तमान में कुल 32 पथ विक्रेताओं के व्यवस्थापन हेतु 4 स्थलों का चयन किया गया।

बैठक में क्षेत्र के 10 पथ विक्रेताओं ने सहभागिता की, जिनमें 5 महिला पथ विक्रेता सम्मिलित रहीं। चयनित स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित वातावरण, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रतिबंध तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में वेंडिंग जोन समिति सदस्य पार्षदगण श्रीमती सुमन पाण्डेय, आशु चंद्रवंशी, श्रीमती सरिता दुबे, अम्बर अग्रवाल, कृष्णा सोनकर, श्रीमती ममता तिवारी, श्रीमती दुर्गा साहू, एल्डरमेन अनिल सोनकर, सामाजिक कार्यकर्ता वासु ठाकुर उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त संबंधित क्षेत्र एसीपी श्रीमती सीमा अहिरवार, संबंधित थाना प्रभारी एवं रायपुर नगर निगम जोन क्रमांक 5 के संबंधित अधिकारीगण एवं जन प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *