नकली पनीर का खुलासा करने वाले पत्रकार संदीप शुक्ला को जान से मारने की धमकी… सिलतरा थाने में मामला दर्ज…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नकली पनीर का खुलासा करने पर पत्रकार संदीप शुक्ला को जान से मारने की धमकी मिली है। उल्लेखनीय है कि संदीप इन दिनों अपने यू ट्यूब चैनल पर नकली पनीर से जुड़े कितने ही मामलों का एक के बाद एक खुलासा कर रहे हैं।

संदीप शुक्ला ने न सिर्फ नकली पनीर, नकली खोवा बल्कि नकली दवाइयों के कारोबार का भी पर्दाफाश किया है। नकली पनीर के ऐसे ही मामले में सिलतरा थाना पुलिस ने सौरभ शर्मा को गिरफ्तार किया है। जान से मारने की धमकी मिलने पर संदीप शुक्ला ने बताया कि 16 नवंबर को मेरी सूचना पर खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर एक कार और पिकअप को जांच के लिए रोका था। वाहनों से करीब 1700 किलो संदिग्ध पनीर बरामद हुआ। जांच में पनीर नकली और अवमानक पाए जाने के बाद करीब डेढ़ टन पनीर नष्ट कराया गया। कार्रवाई के दौरान पत्रकार अखिल शर्मा भी मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान पनीर कारोबार से जुड़े बताए जा रहे सौरभ शर्मा ने पत्रकारों को देखकर आपा खो दिया। उसने मुझसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

संदीप शुक्ला ने बताया  कि मैंने सिलतरा थाने में लिखित में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 18 नवंबर को FIR दर्ज की है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *