मिसाल न्यूज़
रायपुर। ऐन दीपावली त्यौहार के समय में राजधानी रायपुर की सफाई व्यवस्था की दुर्गति कर देने वाली रामकी कंपनी पर रायपुर नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा व्दारा साढ़े उन्नीस लाख का जुर्माना ठोंका गया है।
उल्लेखनीय है कि एक तरफ छत्तीसगढ़ सरकार व रायपुर नगर निगम, दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों प्रदेश में स्वच्छता में अव्वल रहने का पुरस्कार ग्रहण कर रहा था वहीं रायपुर शहर में सफाई व्यवस्था चारों तरफ ध्वस्त थी। विशेषकर दीपावली त्यौहार में सफाई की ऐसी खराब व्यवस्था इतिहास में ऐसे पहले कभी देखने में नहीं आई थी। दीपावली त्यौहार निपटने के पखवाड़े भर बाद नगर निगम ने आज बेहद सख्त रुख अपनाया और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में लगातार लापरवाही बरतने पर संबंधित संस्था मेसर्स डेल्ही एमएसडब्ल्यू सॉल्यूशन लिमिटेड (रामकी) पर 19 लाख 51 हजार 300 रुपये का जुर्माना ठोंका। नगर निगम की ओर से संस्था को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि व्यवस्था में सुधार न होने पर नगर पालिक निगम अधिनियम एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत् और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रात्रिकालीन विशेष सफाई व्यवस्था
रात्रिकालीन विशेष सफाई व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत रात में 18 कचरा संग्रहण वाहन लगातार संचालित किए जा रहे हैँ , जिसमें व्यासायिक क्षेत्र एवं बड़े आवासीय इकाईयों से कूड़ा एकत्रीकरण का कार्य किया जा रहा है।

