आरक्षण के साथ धर्मांतरण की भी गूंज…… भाजपा विधायकों ने विधानसभा में लहराये पर्चे

0 सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

मिसाल न्यूज़

रायपुर। आरक्षण के साथ धर्मांतरण के मुद्दे पर विपक्षी भाजपा विधायकों ने आज विधानसभा में हंगामा किया। जवाब में सत्ता पक्ष की ओर से भी जमकर नारेबाजी हुई। भाजपा विधायकगण पर्चे लहराते हुए गर्भ गृह तक जा पहुंचे। सभापति को सदन की कार्रवाई कल तक के लिए स्थगित कर देनी पड़ी।

आज शून्यकाल में वरिष्ठ भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने व्यवस्था का प्रश्न उठाया। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल में जब भी विपक्ष अपनी बात रख रहा होता है सत्ता पक्ष की ओर से व्यवधान उत्पन्न किया जाता है क्या यह उचित है? विपक्ष की ओर से तो सरकार के विरोध में ही प्रश्न होंगे। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा की एक ऊंचाई रही है। यहां की परंपरा की नज़ीर पूरे देश में दी जाती है। प्रश्नकाल सबसे महत्वपूर्ण होता है। विपक्ष के कहने की बारी आती है तो सत्ता पक्ष के लोग सुनियोजित तरीके से व्यवधान उत्पन्न करते हैं। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि सत्ता पक्ष के लोग आसंदी का भी निर्देश नहीं मानते। सत्ता पक्ष व्दारा असम्मानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। यहां तक कि मंत्री लोग भी असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करते हैं। इस पर भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा कुछ कहने जा ही रहे थे कि विरोध में सत्ता पक्ष की ओर से नारेबाजी शुरु हो गई। शोरशराबा होते देख सभापति धनेन्द्र साहू को सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

सदन की कार्यवाही दोबारा शुरु हुई विपक्ष एवं सत्ता पक्ष दोनों ओर से भारी शोर शराबा होने लगा। विपक्षी भाजपा विधायक जहां आरक्षण के साथ नारायणपुर में धर्मांतरण को लेकर घटी घटना को लेकर आवाज़ उठा रहे थे वहीं सत्ता पक्ष के लोग आरक्षण विधेयक पर राज्यपाल के अब तक दस्तखत नहीं होने पर आक्रोश जता रहे थे। दोनों तरफ से नारेबाजी शुरु हो गई। नारेबाजी करते हुए नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल समेत भाजपा विधायकगण डॉ. रमन सिंह, धरमलाल कौशिक, पुन्नूलाल मोहले, बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, सौरभ सिंह, रजनीश सिंह, डमरूधर भारती एवं रंजना साहू गर्भ गृह तक जा पहुंचे। सभापति धनेन्द्र साहू ने इन सभी को निलंबित करते हुए सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

सदन की कार्यवाही पुनः शुरु होने पर सारे भाजपा विधायक 76 प्रतिशत आरक्षण लागू नहीं होने तथा नारायणपुर की घटना को लेकर पुनः नारेबाजी करने लगे। ऐसा भी क्षण आया जब सारे भाजपा विधायक पर्चे लहराते हुए गर्भ गृह तक जा पहुंचे। हंगामा नहीं थमते देख सभापति ने सदन की कार्यवाही बुधवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इसके पश्चात् पर्चे लहराते हुए भाजपा विधायकगण विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के पास पहुंच गए। वहां भी कुछ देर नारेबाजी चलती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *