छत्तीसगढ़ में पहली बार डिप्टी सीएम

मिसाल न्यूज़

रायपुर। टी.एस. सिंहदेव छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने आज रात यह बड़ा फैसला लिया। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणु गोपाल के हस्ताक्षर से यह नियुक्ति हुई है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 22 साल के इतिहास में पहली बार हुआ है कि किसी सरकार में उप मुख्यमंत्री बनाया गया है।

उल्लेखनीय है कि 2018 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ऐतिहासिक 68 सीटें जीतकर सरकार बनाने जा रही थी तब मुख्यमंत्री पद के दो प्रबल दावेदार भूपेश बघेल एवं टी.एस. सिंहदेव थे। उस समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में भूपेश बघेल मजबूत तो थे ही विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं चुनावी घोषणा पत्र समिति के संयोजक के रूप में सिंहदेव का कद भी काफी बड़ा हो चुका था। अंतिम समय में मुख्यमंत्री पद के लिए फैसला बघेल के नाम पर हुआ और बघेल सरकार में सिंहदेव को स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री की जिम्मेदारी मिली। बाद में सिंहदेव ने पंचायत विभाग से इस्तीफा दे दिया था और स्वास्थ्य मंत्री पद पर बने रहे। सिंहदेव की सरगुजा क्षेत्र में गहरी पकड़ है। 2018 के चुनाव में कांग्रेस सरगुजा संभाग की सभी 14 जीतने में कामयाब रही थी। माना जा रहा है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता किसी भी सूरत में आदिवासी बहुल क्षेत्र सरगुजा में अपनी पकड़ ज़रा भी कमजोर नहीं होने देना चाह रहे हैं। ऐन चुनाव से 5 महीने पहले सिंहदेव को उप मुख्यमंत्री बनाया जाना उसी दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *