भाजपा के 21 प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद से कांग्रेस सकते में- अरुण साव

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने 21 प्रत्याशियों की जो पहली सूची जारी कर दी है उससे कांग्रेस सकते में है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अब यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे अपने वर्तमान निर्वाचन क्षेत्र पाटन में भाजपा उम्मीदवार विजय बघेल का मुकाबला करने तैयार हैं या फिर किसी और सीट की तरफ पलायन करने वाले हैं।

एकात्म परिसर में आज प्रेस वार्ता में अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता इस सरकार से छुट्टी पाना चाहती है। पार्टी के पार्लियामेंट बोर्ड ने बड़ा निर्णय लेते हुए 90 में से 21 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। विशेषकर ऐसी सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की  गई जहां से पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी जीत नहीं पाए थे। प्रमुख बात यह कि जमीनी कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस के कार्यकर्ता भ्रम में हैं कि उनके मुख्यमंत्री, मंत्री और कितने विधायक अपनी सीट पर ही चुनाव लड़ेंगे या उनकी थोक में टिकट कटेगी या फिर वे क्षेत्र बदलेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लेकर एक भी मंत्री और कोई भी कांग्रेस विधायक जनता की कसौटी पर खरा नहीं उतरा है और सभी ने जनता का भरोसा तोड़ा है।

साव ने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज माओवादियों और धर्मांतरण गैंग के इशारों पर काम कर रहे हैं। वह लगातार ऐसे स्तरहीन बयान दे रहे हैं जो आदिवासियों को राष्ट्र की मुख्यधारा से काटने वाले हैं। साव ने कहा कि अपने बयानों में बैज आदिवासियों को हिन्दुओं से अलग करने का खुलेआम ऐलान कर चुके हैं। ठीक यही भाषा नक्सली और धर्मांतरण में लगी मिशनरियों की भी हुआ करती है।

प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता द्वय केदारनाथ गुप्ता व अमित साहू तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *