मिसाल न्यूज़
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर की मल्टी लेवल पार्किंग में अपने जन्म दिन पर आज 150 फीट लंबा केक काटा। मुख्यमंत्री के जन्म दिन की खुशी में रायपुर महापौर एजाज ढेबर के मार्गदर्शन में बोंजेलो के बेकिंग और आइसिंग डिवीजन ने डेढ़ सौ फीट लंबा केक तैयार किया था। केक के निर्माण में 65 लोग जुटे थे। उन्होंने 24 घंटे कड़ी मेहनत कर यह 430 किलोग्राम का केक तैयार किया।
केक की खास बात यह थी कि इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में गांव-गरीब-किसान-श्रमिक- महिला-युवाओं सभी के लिए संचालित की जा रही फ्लैगशिप योजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री की किसान हितैषी योजनाओं से लेकर हर वर्ग के लिए बनाई जाने वाली योजनाओं तक सभी प्रमुख योजनाओं को इसमें समेटने की कोशिश की गई। मुख्यमंत्री ने केक काटने के पश्चात केक बनाने वाली टीम के सदस्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आपने जनहित में चलाई जा रही सभी महत्वपूर्ण योजनाओं को इसमें दिखा दिया है। इस तरह से अनूठे तरीके से आपने केक बनाकर मेरे जन्मदिन को और भी यादगार बना दिया।
इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया, महापौर एजाज ढेबर, विधायक कुलदीप जुनेजा, छत्तीसगढ़ योग आयोग अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा एवं नगर निगम सभापति प्रमोद दुबे प्रमुख रूप से उपस्थित थे।