बिलासपुर की संकल्प महारैली में मोदी ने कहा- छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनी तो हर गरीब को पक्का मकान… पहली ही कैबिनेट में होगा फैसला

मिसाल न्यूज़

बिलासपुर। बिलासपुर में विशाल सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गारंटी दी कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनी तो कैबिनेट की पहली बैठक में ही आवास से वंचित गरीब परिवारों को जल्द से जल्द पक्का मकान देने का निर्णय होगा। उन्होंने कहा कि पीएससी घोटाले के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छत्तीसगढ़ परिवर्तन के लिए तैयार है।

बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में परिवर्तन संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ी बोली में महिलाओं का अभिनंदन करते हुए जय जोहार कहा। उन्होंने बदल के रहिबो, अऊ नहीं सहिबो का नारा बुलंद करते हुए अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि बिलासपुर बहुत बार आया। संगठन का काम करता था, तब भी कई बार आया। गुजरात में मुख्यमंत्री था तब भी हर मौके पर मुझे डॉ. रमन सिंह आपसे मिलने बुलाते थे।लेकिन ऐसा उत्साह कभी नहीं देखा। भूतो न भविष्यति। मैंने ऐसा उत्साह, ऐसी एनर्जी पहले नहीं देखी। युवा शक्ति और मातृ शक्ति का ऐसा उत्साह पहले कभी नहीं देखा। पुराने लोगों के दर्शन कर पाया। इसके साथ- साथ नई एनर्जी का अनुभव किया। नए उत्साह का अनुभव किया। आज मैं कल्पना कर सकता हूं कि परिवर्तन यात्रा ने कैसा कमाल कर दिखाया है। यह भाजपा है जिसने छत्तीसगढ़ के लोगों के सामर्थ्य को सम्मान दिया। छत्तीसगढ़ का हाई कोर्ट बिलासपुर में है। यह काम भाजपा ने किया है। रेलवे का जोन मुख्यालय है। राजस्व की दृष्टि से भारत के सबसे बड़े रेलवे जोन में एक है। इसकी स्थापना भी अटल जी की सरकार के दौरान हुई। यानी छत्तीसगढ़ के विकास के लिए भाजपा केंद्र में हो या राज्य में, पूरी तरह समर्पित रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मैं आपको एक गारंटी देने के लिए आया हूं। यहां के हर सपने को पूरा करने में मोदी कोई कसर बाकी नहीं रखेगा। आप लिख लीजिए। यह मोदी की गारंटी है। आपका सपना मोदी का संकल्प है। छत्तीसगढ़ के हर परिवार का सपना तभी साकार होगा, जब छत्तीसगढ़ में भी भाजपा सरकार होगी। दिल्ली से कितनी भी कोशिश करूं, यहां की कांग्रेस सरकार उसको फेल करने में डटी रहती है। पिछले 5 वर्षों में छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार से हजारों करोड़ों रुपए मिला है। रेल हो, बिजली हो, विकास के दूसरे कार्य हों, छत्तीसगढ़ के लिए, आपके लिए पैसे की कोई कमी नहीं रखी।

पीएससी घोटाले पर बोले मोदी

प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के पीएससी घोटाले का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़ के नौजवानों को क्या दिया? पीएससी घोटाला युवाओं के साथ बहुत बड़ा धोखा है। छत्तीसगढ़ के जिन नौजवानों की नौकरी लगी, उनके सामने भी अनिश्चितता है और जिनको वंचित किया गया उनके साथ अन्याय हुआ। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को आश्वस्त करता हूं कि जो भी इसके दोषी हैं, भाजपा सरकार बनते ही उन पर कठोर कार्रवाई होगी।

किसानों के साथ धोखा

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के किसानों को भी हमेशा धोखा दिया है। उनसे झूठ बोला है। यहां के धान किसानों का दाना दाना हम खरीदते हैं। दाना दाना केंद्र की भाजपा सरकार खरीदती है। छत्तीसगढ़ के किसानों का धान खरीद कर 1 लाख करोड़ से ज्यादा दिए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि का इंतजाम किया है। एक-एक पैसा किसान के बैंक अकाउंट में सीधे जाता है। इसमें कोई बिचौलिया ही नहीं है। उनके एक प्रधानमंत्री ने कहा था कि दिल्ली से 1रुपये भेजते हैं तो 15 पैसा पहुंचता है। मोदी एक रुपए भेजता है तो 100 के 100 पैसे आप तक पहुंचते हैं। यूरिया की एक बोरी दुनिया में करीब 3000 रुपये तक बिकती है और भारत में किसानों को यह बोरी 300 रुपये में मिलती है।

मां 5 लाख का बिल तेरा यह बेटा देगा

प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना में 5 लाख का इलाज किया जाता है। छत्तीसगढ़ के लाखों गरीब आदिवासी परिवार भी इसका लाभ उठा रहे हैं। दुनिया में सबसे बड़ी योजना है। माताएं बहनें अपनी बीमारी का परिवार को पता नहीं चलने देतीं। उन्हें परिवार की चिंता होती है। बच्चे कर्ज में न डूब जाएं, माताएं पीड़ा सहती हैं लेकिन बेटे को परेशान नहीं होने देतीं। परिवार पर बोझ नहीं होने देतीं। यह पीड़ा गरीब मां का बेटा समझ सकता है। इसलिए आपके इस बेटे ने गारंटी दी है कि मां तेरा 5 लाख का बिल तेरा यह बेटा देगा। मोदी याने गारंटी काम करने की। एक और गारंटी पूरी कर दी है।

सिंहदेव ने सच कहा तो

कांग्रेस में तूफान आ गया

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि यहां के उप मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक तौर पर सच बोल दिया तो कांग्रेस पार्टी में नीचे से ऊपर तक तूफान खड़ा हो गया। अगर सरकार के उपमुख्यमंत्री सबके सामने कहते हैं कि दिल्ली कभी अन्याय नहीं करती, तो फिर हर एक को खुशी होनी चाहिए। लेकिन कांग्रेस में तूफान मच गया।

यह है मोदी मॉडल

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार दिल्ली में थी, तब छत्तीसगढ़ के लिए रेलवे के लिए औसतन 300 करोड़ रुपए छत्तीसगढ़ को मिलता था। लेकिन इस साल भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ में रेलवे के विस्तार के लिए 6 हजार करोड़ रुपए दिए हैं। कहां 300 करोड़ और कहां 6000 करोड़। यह है मोदी मॉडल। यह है मोदी का छत्तीसगढ़ के लिए प्रेम। यह है छत्तीसगढ़ के विकास के लिए मोदी का कमिटमेंट। छत्तीसगढ़ में रेलवे के ट्रैक का तेजी से विद्युतीकरण हम चाहते हैं। तेज गति से चलने वाली रेल चल सके, आप सभी को सुविधा हो, यह भाजपा सरकार ही है जिसने छत्तीसगढ़ को आधुनिक वंदे भारत ट्रेन दी है।

गरीब के साथ अन्याय

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गरीब के साथ जितना अन्याय कांग्रेस ने किया है, उतना किसी ने नहीं किया। कोरोना का इतना बड़ा संकट आया। गरीब के बेटे ने यह संकल्प लिया कि हर गरीब भाई बहन को मुफ्त राशन दूंगा।कोई भी परिवार ऐसा न हो जो कोरोना की मुसीबत के समय भूखा हो जाए। इसलिए मोदी ने अन्य के भंडार खोल दिए और देश के गरीबों को मुफ्त में अनाज दिया। आज भी दे रहा है। लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने गरीब के पेट का दाना छीनने, गरीब का चूल्हा बुझाने का काम किया। यह भी कांग्रेस के लोगों के लिए चोरी करने का माध्यम बन गया। कांग्रेस की सरकार ने इसमें भी घोटाला कर दिया। यहां का हर आदमी कांग्रेस सरकार से पूछ रहा है कि हमारे हक का राशन कहां है। जो राशन में घोटाला करें, वह सरकार वापस आनी चाहिए क्या? क्या उन्हें दोबारा मौका देना चाहिए? अगर मौका उन्हें मिल गया तो और ज्यादा घोटाला करेंगे। छत्तीसगढ़ पूरी तरह तबाह हो जाएगा कि नहीं? यह तो मैं दिल्ली में बैठा हूं न। इसलिए ऐसा होने नहीं दूंगा। लेकिन भ्रष्टाचारियों को दोबारा आने का मौका मिला तो घोटाले करने की हिम्मत इनकी इतनी बढ़ जाएगी कि छत्तीसगढ़ में कोई रोक नहीं पाएगा।

कुपोषण से बच्चों की मौत

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासन में अनेकों छोटे-छोटे बच्चों की कुपोषण से मौत की खबरें आई हैं। यह कितनी पीड़ा दायक स्थिति है। केंद्र की भाजपा सरकार का प्रयास है कि यहां से जो खनिज संपदा निकलती है, इसका एक हिस्सा यहां के विकास में लगना चाहिए। इसके लिए भाजपा सरकार ने डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड बनाया। इसके तहत छत्तीसगढ़ को भी करोड़ों रुपए दिए गए हैं। जब हमने नियम बनाया तब रमन सिंह मुख्यमंत्री थे। उन्होंने कहा था कि मेरे बहुत से जिले ऐसे हैं कि इस फंड से इतना पैसा मिलेगा कि पहले कभी नहीं मिला। लेकिन कांग्रेस ने आते ही बंटाढार कर दिया। हमारे छत्तीसगढ़ के दलितों पिछड़ों आदिवासियों के इन पैसों पर भी डाका डाला।कांग्रेस ने यहां शराब घोटाला करके क्या कुछ नहीं कमाया है। यह लोग तो ऐसे हैं गोबर को भी नहीं छोड़ा। कांग्रेस ने गौ माता के नाम पर भी घोटाला कर दिया।

बहनों के लिए 33 प्रतिशत

आरक्षण भाजपा ने दिया

उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण भाजपा सरकार ने दिया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम अब कानून बन चुका है। कल ही आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने उस पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। कानून बना दिया है। मोदी जो गारंटी देता है, पूरी करता है। लेकिन आपको, ख़ासकर माता बहनों को आगे आना होगा। 30 साल से बिल लटका हुआ था। कांग्रेस और इसके घमंडियां साथी विरोध में थे। इनको लग रहा था कि मोदी ने क्या कर दिया। उनको लगता है कि सारी माताएं बहने मोदी को आशीर्वाद देंगी। इसलिए डर के कारण नए-नए खेल, खेल रहे हैं। न चाहते हुए भी उनको सदन में समर्थन क्यों करना पड़ा। महिलाओं में जागरूकता आई है।इसलिए उनको उनके चरण में आना पड़ रहा है। लेकिन अब उन्होंने नया खेल शुरू किया है। वह बहनों में भी फूट डाल रहे हैं। माताएं बहनें सतर्क रहें।

आवास की गारंटी

प्रधानमंत्री  ने कहा कि यहां की कांग्रेस सरकार को मोदी की योजनाएं और मोदी दोनों पसंद नहीं है। अभी तक 4 करोड़ से अधिक परिवारों को देश में पक्के घर दिए हैं। छत्तीसगढ़ में जब तक भाजपा की सरकार थी, तेजी से गरीबों के घर बना रहे थे लेकिन जैसे ही यहां कांग्रेस की सरकार बनी तो वह घोटाले तलाशने में लगे।लेकिन मोदी ने पक्का इंतजाम कर दिया है। पैसा जनता के पास जाता है तो यह क्या कर रहे हैं। मैं बताना चाहता हूं। यह काम ही नहीं कर रहे। मैं आज एक वादा करना चाहता हूं कि भाजपा सरकार बनने के बाद कैबिनेट का पहला फैसला गरीबों के पक्के घर जो बाकी हैं, तेज गति से पूरे कर हर गरीब को पक्का घर देंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कहा कि भाजपा की दो परिवर्तन यात्राएं प्रदेश में निकली पहले परिवर्तन यात्रा दंतेवाड़ा से मां दंतेश्वरी की आशीर्वाद से निकली और दूसरी यात्रा मां खुड़िया रानी की आशीर्वाद से जशपुर से निकली। भाजपा की परिवर्तन यात्रा में इस दौरान 50 लाख लोगों ने जगह जगह स्वागत किया। छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन की हवा आज तूफान बन गया है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य किये है। आज देश की इतिहास के लिए एक बहुत बड़ा दिन है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संसद में पेश की गई नारी शक्ति वंदन अधिनियम को राष्ट्रपति जी की मंजूरी मिल गई है। अब नारी शक्ति वंदन विधेयक राष्ट्रपति के हस्ताक्षर से कानून बन गया है। नारी सशक्तिकरण का यह बहुत बड़ा रास्ता प्रधानमंत्री ने महिलाओं के विकास के लिए खोला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में परिवर्तन की हवा प्रचंड वेग से बह रही है। भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार की वजह से प्रदेश में विकास का कार्य रुक गया है। प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कई केंद्रीय योजना संचालित की है लेकिन इन योजनाओं का लाभ प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ की जनता को मिलने नहीं दे रहे है।

सभा को भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सुश्री सरोज पांडेय तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन विधायक शिवरतन शर्मा एवं प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सावन्नी ने किया एवं आभार मोतीलाल साहू ने किया।

इस दौरान मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केन्द्रीय मंत्री रेणुका सिंह,नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, सांसद विजय बघेल, गोमती साय, गुहाराम अजगले, चुन्नीलाल साहू, मोहन मंडावी, संतोष पांडेय, सुनील सोनी, पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल, ननकीराम कंवर, अजय चंद्राकर, विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, रजनीश सिंह, सौरभ सिंह, रंजना साहू, डमरूधर पुजारी, प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, ओ.पी. चौधरी. केदार कश्यप, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा भाजपा प्रत्याशी रामविचार नेताम, लखनलाल देवांगन, अनुराग सिंहदेव, जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *