पीएम के आगमन पर कांग्रेस का बस्तर बंद पंजाब जैसा षड़यंत्र- अरुण साव

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने आरोप लगाया कि ऐन नगरनार स्टील प्लांट के लोकार्पण एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन पर कांग्रेस व्दारा बस्तर बंद किया जाना पंजाब जैसा षड़यंत्र था। देश  में अपने किस्म का यह पहला घटनाक्रम रहा।

एकात्म परिसर में आज प्रेस कांफ्रेंस में अरुण साव ने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा की परिवर्तन यात्रा को मिले रेस्पॉन्स से भूपेश सरकार पूरी तरह घबरा गई है। बौखलाहट में वह अब तमाम लोकतंत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रख कर असभ्यता और आशालीनता पर उतर आई है। स्वतंत्र भारत के इतिहास में आज तक ऐसा नहीं हुआ जब प्रधानमंत्री की सभा में जाने से लोगों को जबरन रोकने की ऐसी साजिश रची गई हो। यहां तक कि कांग्रेस की सरकार ऐसी हिम्मत उस पंजाब में भी नहीं कर पाई थी जहां मोदी जी की सुरक्षा से समझौता हुआ था। अब कांग्रेस ऐसा गिरोह बन गया है जिसके संचालन का कार्य देशद्रोही और बाहरी तत्वों द्वारा किया जा रहा है। इसी कारण कांग्रेस हर तरह की अराजकता फैलाकर देश में अलगाववाद, जातीय व साम्प्रदायिक विभाजन आदि करा कर किसी भी तरह सत्ता कब्जाना चाहती है। देश को इस ख़तरनाक संगठन से अब सावधान रहना होगा। भाजपा की दो परिवर्तन यात्रा जशपुर और दंतेवाड़ा से एक साथ शुरू हुई। जशपुर से जहां नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के नेतृत्व में यह यात्रा चली, वहीं दंतेवाड़ा से मैंने इस यात्रा का नेतृत्व किया। दोनों यात्रा का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिलासपुर में किया। समापन समारोह बिलासपुर में ऐसा हुआ, जैसा इससे पहले कभी बिलासपुर ने देखा नहीं था।

साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह प्रसन्नता की बात थी कि हफ़्ते भर के भीतर प्रधानमंत्री दूसरी बार छत्तीसगढ़ आए थे। बस्तरवासियों, प्रदेशवासियों की दशकों पुरानी आकांक्षाओं को पूरा करने, विकास का सवेरा लाने नगरनार स्टील प्लांट के लोकार्पण समेत 26 हज़ार करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया। केवल नगरनार प्लांट से ही 50 हज़ार से अधिक छत्तीसगढ़ियों को रोजगार मिलेगा। उस शासकीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उपस्थित नहीं हुए। यहां तक की उनकी कैबिनेट का कोई प्रतिनिधि तक उपस्थित नहीं हुआ। मुख्यमंत्री की ऐसी ईर्ष्या, ऐसा अमर्यादित आचरण लोकतंत्र में कतई स्वीकार नहीं है। हमें यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि लाख षड़यंत्रों के बावजूद प्रधानमंत्री की जैसी सफल सभा जगदलपुर के लालबाग मैदान में हुई वैसी आज तक बस्तर में नहीं हुई। हालाँकि बस्तर बंद और बहिष्कार से कांग्रेस का छत्तीसगढ़ विरोधी, बस्तर विरोधी, विकास विरोधी चेहरा फिर से उजागर हुआ।  साव ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार उदारता के साथ छत्तीसगढ़ को खुले हाथों से सहायता देते हैं। अभी तक तीन लाख करोड़ से अधिक की रकम छत्तीसगढ़ के विकास के लिए दे चुके हैं। 

अरुण साव भाजपा डिजिटल

 अभियान  के पहले योद्धा बने

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव बुधवार को भाजपा के डिजिटल अभियान के पहले डिजिटल योद्धा बने। प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के ने 8955776611 डॉयल करने भाजपा अध्यक्ष साव को दिया। नंबर डॉयल करते ही साव डिजिटल योद्धा बन गए। महस्के ने बताया कि आज एक बड़ा अभियान भारतीय जनता पार्टी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रारंभ किया जा रहा है। एक मिस कॉल देकर कोई भी आमजन जो पार्टी की विचारधारा से सहमत हो, वो जुड़ेंगे और डिजिटल योद्धा एवं सोशल मीडिया वालेंटियर्स बन सकते हैं। हम प्रदेश की कांग्रेस की सरकार की करतूतों को नीचे तक ले जाएंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने डिजिटल योद्धा अभियान के पोस्टर का विमोचन किया।

प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक मितुल कोठारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *