डॉ. रमन सिंह की सरकार के समय महिलाएं असुरक्षित थीं, भूपेश सरकार में अपराधों में कमी आई- खेड़ा

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की मीडिया कोऑर्डिनेटर राधिका खेड़ा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जब डॉ. रमन सिंह की सरकार थी महिलाएं असुरक्षित थीं। हर दिन 3 बलात्कार की घटनाएं होती थीं। हर तीसरे दिन सामूहिक बलात्कार होता था। उस दौरान अपराध के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य देश में  5वें नंबर पर था। झलियामारी आश्रम में 7-13 वर्ष की बच्चियों के साथ दुष्कर्म हुए थे। जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आई महिलाओं की सुरक्षा को अधिक महत्व दिया गया। महिलाओं के खिलाफ जुर्म में 68 प्रतिशत की कमी आई है।

राजीव भवन में आज प्रेस कांफ्रेंस में राधिका खेड़ा ने कहा कि भाजपा की रमन सिंह सरकार के 15 सालों में  कुशासन में गलत नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था चरमरा गयी थी। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कुपोषण वादा खिलाफी हद पार कर चुकी थी। हर वर्ग त्रस्त और परेशान था। इसीलिये 2018 में प्रदेश की जनता ने भाजपा और रमन सिंह के पाप के घड़े को फोड़ने का काम किया और कांग्रेस की सरकार बनी। पिछले 5 साल में मोदी की केंद्र सरकार ने माता कौशल्या के मायके, प्रभु श्रीराम के ननिहाल के साथ सौतेला व्यवहार किया। लेकिन जहां चाह है वहां राह है। छत्तीसगढ़ को बेरोजगारी, कुपोषण, भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी से मुक्त कराने की इसी चाह के चलते कांग्रेस सरकार, भूपेश बघेल ने राह बनाने का काम किया है और प्रदेश आज बहुत आगे जा चुका है।

उन्होंने कहा कि धान का कटोरा कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ के किसानों के हाथ में भाजपा की रमन सरकार ने कटोरा थमाने का काम किया था। एक-एक दाना धान खरीदने का वादा किया था। धान की कीमत 2100 रू. प्रति क्विंटल देने का वादा किया था। 300 रू. प्रति क्विंटल बोनस देने का वादा किया था। रमन सिंह और इनके मंत्री बोलते थे कि किसान शराबी हैं इसलिये आत्महत्या कर रहे हैं। भाजपा के 15 साल में 15 हजार से अधिक किसानों ने आत्महत्या की थी। इसी मंच पर बैठकर हमने हाथ में गंगाजल लेकर कसम खाई थी कि कांग्रेस की सरकार बनने पर 10 दिन के अंदर किसानों का कर्ज माफ करेंगे। वादा 10 दिन का था लेकिन भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री बनते ही 2 घंटे के भीतर 19 लाख किसानों का 10 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज माफ करने का काम किया। 10 दिन का वादा 2 घंटे में पूरा कर दिया गया था। धान की कीमत 2500 रू. देने का वादा किया गया था लेकिन 2640 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदकर किसानों के हित में बड़ा कदम उठाया गया।  हमने वादा किया था कि 50 वनोपज की खरीदी करेंगे लेकिन 65 वनोपज खरीद रहे हैं। वनोपज की खरीदी के लिये केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को नंबर 1 का पुरस्कार दिया है।

राधिका खेड़ा ने कहा कि रमन सरकार के 15 सालों में 3000 स्कूलों को बंद करने का काम किया गया।  भूपेश बघेल की सरकार ने बंद स्कूलों को खोलने का काम किया। बस्तर में 400 से अधिक स्कूल वापस खोले गए। इसके साथ ही नये स्कूल खोलने का काम किया। 727 से अधिक स्वामी आत्मानंद स्कूल खोले गए। पांच साल पहले छत्तीसगढ़ एयरपोर्ट पर उतरते ही सबसे पहले नक्सलवाद का डर लगता था। आज हम एयरपोर्ट पर उतरते हैं तो सबसे पहले दर्शन छत्तीसगढ़ महतारी और कौशल्या माता का होता है। आज छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका, प्रभु श्रीराम का ननिहाल, छत्तीसगढ़ महतारी और राम वन गमन से पहचाना जाता है।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, घनश्याम राजू तिवारी, सुरेंद्र वर्मा, जयवर्धन बिस्सा, प्रवक्ता अजय गंगवानी, सत्यप्रकाश, परवेज अहमद, विकास विजय बजाज उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *