मिसाल न्यूज़
रायपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर लोकसभा में चुनावी सभा में वहां के कांग्रेस प्रत्याशी देवेन्द्र यादव के लिए लठैत शब्द का इस्तेमाल किया है। यह पूरे यादव समाज का अपमान है। कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री के इस बयान की निंदा करती है और उनसे मांग करती है कि यादव समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें ।
राजीव भवन में आज पत्रकार वार्ता में व्दारिकाधीश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री को मालूम होना चाहिये कि यादव समाज गौ रक्षा के लिए लाठी उठाता है। गौ सेवा ही उनका प्रमुख रोजगार है। आपने केवल राजनीतिक लाभ के लिए उन पर लठैत होने का अमानवीय आरोप लगाया है। यादव समाज एक सीधा सादा चरवाहा समाज है। लाठी हमारा प्रतीक है, हमारा स्वाभिमान है। जिसे आप लठैत कहकर मजाक बना रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस जातिसूचक इशारे से यह प्रमाणित होता है कि अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रति आरएसएस और भाजपा में कितनी नफरत भरी है। यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री को सत्ता चलाने का अधिकार दिया है। वे प्रदेश की पौने तीन करोड़ जनता के संवैधानिक मुखिया हैं। वे यादव समाज के भी मुख्यमंत्री हैं। यादव समाज के प्रति उनकी इस तरह टिप्पणी अशोभनीय और निंदनीय है। यदुवंशी सीधे सादे जरूर हैं लेकिन ये गरवा चरइया अपने स्वाभिमान की लड़ाई भी लड़ना जानते हैं। एक मुख्यमंत्री का दिल बड़ा होना चाहिए जिसमें सभी समाज, जाति, धर्म के प्रति आदर का भाव हो। भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उनके हिसाब से भगवान श्री कृष्ण भी लठैत हैं ?
यादव ने कहा कि 10 साल से केंद्र की सत्ता में बैठी मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी के पास अपनी उपलब्धि बताने के लिए कुछ भी नहीं है। इसलिए आरएसएस के आजमाए हुए नुस्खे पर काम करना शुरू कर दिया है। व्यक्तिगत टिप्पणी और जातिसूचक आरोप लगाकर समाज में आपसी वैमनस्य बढ़ाने, बांटने और काटने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। बीफ कंपनियों से चंदा खाने वाले भाजपाई, गौ हत्या और गौ तस्करी को संरक्षण देने वाले भाजपाई, यादव समाज पर अनर्गल और आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। डबल इंजन सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ में गौठानों की व्यवस्था बिगड़ गई। सैकड़ो गायें कंटेनर में भरकर हाईवे पर सरपट दौड़ रही हैं उस पर विष्णुदेव साय सरकार चुप्पी साधे हुए है। भाजपा बताए कि छत्तीसगढ़ की सामाजिक समरसता से उसे इतनी हिकारत क्यों है? यादव समाज को प्रतिनिधित्व मिलने से मुख्यमंत्री इतने बौखला क्यों गए हैं?
पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, वरिष्ठ नेत्री शोभा यादव, पार्षद देवेंद्र यादव, प्रवक्ता अजय गंगवानी एवं अमित श्रीवास्तव उपस्थित थे।