कांग्रेस की रैलियों में जनसैलाब उमड़ते देख बौखला रहे भाजपाई- राधिका खेड़ा

मिसाल न्यूज़

रायपुर। कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं छत्तीसगढ़ मीडिया प्रभारी राधिका खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस व इंडिया गठबंधन को लगातार मजबूत होते देख प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बौखला गए हैं। उनकी जुबान लड़खड़ा रही है व हाथ कांप रहे हैं। यही हाल अमित शाह और जेपी. नड्डा का है। छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक समेत अन्य प्रदेशों में कांग्रेस की रैलियों में जिस तरह जनसैलाब उमड़ा उससे भाजपाइयों की बौखलाहट बढ़ती ही जा रही है।

राजीव भवन में आज पत्रकार वार्ता में राधिका खेड़ा ने कहा कि उम्र नहीं हार के डर से मोदी जी के हाथ कांप रहे हैं। इसीलिए उनकी भाषा भी अमर्यादित होती जा रही है। एक के बाद एक झूठ का जाल बुनने का काम कर रहे हैं। पिछले 3-4 दिनों में नरेन्द्र मोदी समेत अमित शाह एवं जे.पी नड्डा ने छत्तीसगढ़ का दौरा किया। यह तीनों जहां पर भी गए झूठ पर झूठ बोले। ये अपने 10 सालों का हिसाब किताब नहीं देते। सिर्फ झूठ, सांप्रदायिकता और नफरत  फैलाकर वोट मांगने का काम कर रहे हैं। अब इन तीनों को याद आ रहा है कि छत्तीसगढ़ रामलला का ननिहाल है। जब छत्तीसगढ़ में 15 साल भाजपा का शासन था तब इन्हें रामलला के ननिहाल की सुध नहीं आई थी। रायपुर से महज करीब 20 किलोमाटर की दूरी पर चंदखुरी में कौशल्या माता का मंदिर है। यहां उनका मायका है। भाजपा के पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर कहते हैं कि ये कौशल्या माता का मायका ही नहीं था। चंदखुरी मंदिर में एक भी ईंट भी लगाने का काम भाजपा ने नहीं किया था। छत्तीसगढ़ के शिवरीनारायण की खासियत यह है कि वहाँ पर स्वयं प्रभु श्रीराम ने माता शबरी के झूठे बेर खाये थे। भाजपा के लोग इस बात को भी नकारते हैं।

राधिका खेड़ा ने कहा कि मोदी जी ने महासमुंद और शाह ने कांकेर में कहा कि नॉर्थ ईस्ट शांत हो गया है। नक्सलवाद छत्तीसगढ़ में खत्म होने के कगार पर है। इससे बड़ा झूठ कोई और नहीं हो सकता।सच्चाई यह है कि छत्तीसगढ़ राज्य जब बना तब नक्सलवाद सिर्फ़ तीन ब्लॉक तक सीमित था। जब भाजपा की सरकार 15 साल थी वह 11 जिलों में फैल गया। ये बार बार कहते हैं कि नक्सलवाद की वजह से स्कूल नहीं चलेंगे, स्वास्थ्य सेवाएं नहीं होंगी। सड़क नहीं बन पाएगी। जबकि हकीकत ये है कि बस्तर में सारे स्कूल बंद करने का काम रमन सिंह की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने किया था। 
5 साल जब हमारी सरकार रही तो अमन और शांति की कोशिश हमने की। भाजपा के शासन काल में जो झीरम घाटी कांड हुआ, उस बारे में बच्चा बच्चा जानता है। मणिपुर जल रहा है। मोदीजी आज तक वहाँ नहीं गए। बेटियों को वहाँ पर निर्वस्त्र चलाया जाता है उसका वीडियो बनाया जाता है। असम की बात करते हैं। वहां इनकी सरकार 2016 से है। 2017 में इन्हीं का एक बड़ा नेता पकड़ा गया जिसका नाम निरंजन होजाई है। इसने आतंकवादी संगठनों को को पैसा दिया। उनके लिए फंड इकट्ठा किया। इसके बाद भी भाजपा के बड़े नेता नॉर्थ ईस्ट में शांति की बात कर रहे हैं।

राधिका खेड़ा ने कहा कि मोदी जी बोल रहे हैं कांग्रेस पार्टी बहनों का मंगलसूत्र छीन के किसी और को दे देगी। मोदी जी कभी मंगलसूत्र का महत्व नहीं समझे। वह ऐसा उस पार्टी के लिए कह रहे हैं जिनकी शीर्ष नेताओं ने बलिदान दिए।श्रीमती इंदिरा गाँधी ने युद्ध के समय अपने सारे गहने देश के लिए न्यौछावर कर दिए थे। श्रीमती सोनिया गाँधी के मंगलसूत्र का बलिदान हुआ। राजीव गाँधी जी की शहादत इस देश ने देखी है।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, प्रवक्तागण धनंजय ठाकुर, परवेज अहमद एवं ऋषभ चंद्राकर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *