मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम अपर कमिश्नर (स्वास्थ्य) विनोद पाण्डेय ने आज जोन क्रमांक 8 कार्यालय में बैठक लेकर वार्डों के अनुबंधित सफाई ठेकेदारों के कार्यों, सफाई ठेका कामगारों की वार्डवार निर्धारित संख्या, दैनिक उपस्थिति की जानकारी लेकर प्रतिदिन शत- प्रतिशत संख्या में सफाई ठेका कामगारों की कार्य पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कमिश्नर को कहना पड़ा कि यदि रामकी कम्पनी प्रतिदिन नियमित डोर टू डोर कचरा कलेक्शन कर रही है तो सड़कों पर प्रतिदिन इतना कचरा क्यों दिख रहा है।
बैठक में जोन 8 कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल, स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता रघुमणि प्रधान, जोन 8 स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन की उपस्थित थे। अपर कमिश्नर विनोद पाण्डेय ने निर्देश दिए कि रायपुर नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र में कहीं पर भी किसी भी स्थान पर कोई मुक्कड़ नहीं दिखना चाहिए। रायपुर शहर गार्बेज फ्री सिटी में छत्तीसगढ़ राज्य का पहला 7 स्टार शहर है। अपर कमिश्नर ने रामकी कम्पनी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि नगर निगम अंतर्गत समस्त 10 जोनों के तहत सभी 70 वार्डों के क्षेत्रों के अंतर्गत समस्त घरों से प्रतिदिन नियमित शत – प्रतिशत डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए। रामकी कम्पनी के सफाई सुपरवाइजर प्रतिदिन डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की मॉनिटरिंग करके सभी घरों से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन किया जाना सुनिश्चित करें। संबंधित जोन के वार्ड सफाई सुपरवाइजर नियमित मॉनिटरिंग करें कि रामकी कम्पनी द्वारा सभी घरों से प्रतिदिन नियमित डोर टू डोर कचरा कलेक्शन किया जा रहा है अथवा नहीं।
उल्लेखनीय है कि महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं निगम कमिश्नर विश्वदीप के निर्देश पर अपर कमिश्नर पांडे नगर निगम के सभी 10 जोन कार्यालयों में जाकर सफाई पर बैठक ले रहे हैं।

