नगर निगम के बजट में तात्यापारा-शारदा चौक चौड़ीकरण का उल्लेख न होना जनता के साथ धोखा- दीप्ति दुबे

रायपुर। कांग्रेस नेत्री श्रीमती दीप्ति दुबे ने कहा कि रायपुर नगर निगम के 2026-27 के अनुमानित बजट में शारदा चौक से तात्यापारा चौड़ीकरण का कोई उल्लेख नहीं होना जनता के साथ सरासर धोखा है। जनता के साथ इस प्रकार का व्यवहार भाजपा के जनप्रतिनिधि करेंगे ऐसा किसी ने सोचा भी नहीं था। लगता है भाजपा को जनता के कामों से कोई लेना-देना नहीं है।

श्रीमती दीप्ति दुबे ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि लगता है राज्य सरकार एवं नगर निगम ने रायपुर शहर के तीन फ्लाई ओवर के निर्णय को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। शारदा चौक- तात्यापारा फ्लाई ओवर योजना तो गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होने लायक है। इसी प्रकार गांधी उद्यान का फ्लाई ओवर तेलीबांधा तक सीमित कर दिया गया। इन योजनाओं पर विधायक एवं महापौर के अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं। श्रीमती दुबे ने कहा कि पूर्व में जब फ्लाई ओवर को लेकर डीपीआर तैयार किए होंगे तब सांसद,विधायक व महापौर से राय लेकर ही अंतिम निर्णय लिया गया होगा। अगर नहीं लिया गया तो क्या ये अधिकारियों की सोच का नतीजा था ? कहां बनाना है कहां नहीं बनाना है ढाई साल केवल सोचने में निकाल दिए। संभवतः विश्व का सबसे छोटा फ्लाई ओवर तात्यापारा-शारदा चौक का होगा। रायपुर शहर वालों को इस बीच भाजपा सरकार ने 2 बड़ा तोहफा दिया। एक अधूरे स्काईवॉक के पुनर्निर्माण का और दूसरा विश्वविद्यालय के पास स्थित चौपाटी को तोड़ना। बेहतर होता कि रायपुरा जाने वाले अंडर ब्रिज को चौड़ा करते। साथ ही कुशालपुर एवं राजेंद्र नगर के अंडर ब्रिज को भाठागांव ओवर ब्रिज जितना चौड़ा कर देते। तात्यापारा और शारदा चौक के चौड़ीकरण पर तो भाजपा ने नगर निगम चुनाव के अपने घोषणा पत्र में 6 माह के अंदर उक्त काम को करने की बात कही थी, जो कि पूरी नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *