मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम की सामान्य सभा में आज राजधानी रायपुर के कोतवाली चौक का नामकरण जैन स्तंभ चौक करने पर सहमति नहीं बन पाई। सर्वसम्मति से इस एजेंडा को विलोपित कर दिया गया।
सदन में नामकरण प्रस्ताव वाला यह मुद्दा जब सामने आया तो स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड के पार्षद एवं जोन 4 के अध्यक्ष मुरली शर्मा ने आपत्ति जताते हुए कहा कि कोतवाली चौक पर बरसों से जैन स्तूप स्थापित है, जिसकी अपनी एक अलग पहचान है और यह कोतवाली चौक तथा सदर बाजार चौक के लिए गौरव का विषय रहा है। जब इतनी व्यापक पहचान वाला जैन स्तूप वहां हो तो उस चौक का नाम अलग से जैन स्तंभ चौक रखने की कोई आवश्यकता नहीं है। मुरली शर्मा की बातों का समर्थन करते हुए कांग्रेस पार्षद संदीप साहू ने कहा कि ऐसे कई उदाहरण देखने में आते रहे हैं कि हम किसी जगह का नाम चेंज तो कर देते हैं, फिर भी वह जगह पुराने नाम से ही जानी जाती है। कुछ और पार्षदों ने भी मुरली शर्मा व्दारा उठाई गई बातों का समर्थन किया।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने मुरली शर्मा एवं अन्य पार्षदों व्दारा उठाई गई बातों पर सहमति जताते हुए इस एजेंडा को विलोपित किए जाने का सूझाव रखा। सभापति सूर्यकांत राठौर व्दारा इस एजेंडे को विलोपित कर दिया गया।

