‘महूं दिलवाला…’ की रिलीज़िंग से पहले रॉकी की दिल की बात- “अनुज के बाद आयुष दमदार हीरो”

मिसाल न्यूज़

‘मया’, ‘टूरा रिक्शावाला’, ‘लैला टीपटॉप छैला अंगूठा छाप’ एवं ‘महूं कुंवारा तहूं कुंवारी’ जैसी छत्तीसगढ़ी फ़िल्में प्रोड्यूस कर चुके रॉकी दासवानी लंबे समय के बाद अब 12 जून को ‘महूं दिलवाला तहूं दिलवाली’ लेकर आ रहे हैं। ‘महूं दिलवाला तहूं दिलवाली’ में आयुष राजवैद्य एवं प्राची ठाकुर जैसे नये चाकलेटी चेहरे दिखाई देंगे। रॉकी का कहना है- “यह मेरी निजी राय है कि अनुज शर्मा के बाद छत्तीसगढ़ी सिनेमा में अब आयुष राजवैद्य जैसा कोई दमदार हीरो सामने आ रहा है।“

हाल ही में रॉकी दासवानी के शुभ फ़िल्म्स के दफ़्तर में ‘महूं दिलवाला तहूं दिलवाली’ पर लंबी बातचीत हुई। मुख्य अंश यहां प्रस्तुत हैं-

0 रॉकी ने अपनी नई फ़िल्म लाने में इतनी देर क्यों लगा दी…

00 सही है, 2019 के बाद अब फ़िल्म लेकर आ रहा हूं। दो साल कोविड के नहीं होते तो शायद फ़िल्म लाने में इतनी देर नहीं होती। संयोग है 2009 के 12 जून को मेरी पहली फ़िल्म ‘मया’ रिलीज़ हुई थी। ठीक 17 साल बाद 12 जून को ही ‘महूं दिलवाला तहूं दिलवाली’ रिलीज़ होने जा रही है।

0 लंबे इंतज़ार के बाद क्या नई उम्मीद कर सकते हैं…  

00 ‘महूं कुंवारा तहूं कुंवारी’ की तरह ‘महूं दिलवाला तहूं दिलवाली’ भी रोमांटिक कॉमेडी लव स्टोरी है। एकदम कलरफूल फ़िल्म। इंटरटेनमेंट का पूरा तड़का। इस बार हमने बिलकुल नई टीम के साथ काम किया है। हीरो नया, हीरोइन नई, यहां तक कि डायरेक्टर भी नये। आयुष राजवैद्य एवं प्राची ठाकुर नये चेहरे हैं। लीजेंडरी एक्टर प्रकाश अवस्थी एवं करण खान पहली बार लीक से हटकर किरदार में सामने आ रहे हैं। संजय महानंद डबल रोल में दिखेंगे। म्यूज़िक ऐसी कंपनी को दिया है जिसने इसके पहले किसी भी फ़िल्म का म्यूज़िक रिलीज़ नहीं किया। एम.एस. म्यूज़िक पहली बार ‘महूं दिलावाला तहूं दिलवाली’ के साथ फ़िल्मी शुरुआत करने जा रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि ‘महूं दिलवाला तहूं दिलवाली’ से लोगों का माइंड सेट बदल जाएगा।

0 माइंड सेट वाली बात थोड़ा स्पष्ट करेंगे…

00 ‘महूं दिलवाला तहूं दिलवाली’ की कहानी बिना छत्तीसगढ़ की मूलभूत संस्कृति को छेड़ते हुए आगे बढ़ती है। आज के दौर में जो छत्तीसगढ़ियापन दिख रहा है उसे ही ‘महूं दिलवाला तहूं दिलवाली’ में दिखाया गया है। आज के युवक-युवतियां इस फ़िल्म से ख़ुद को रिलेट कर पाएंगे।

0 नये हीरो-हीरोइन आयुष राजवैद्य व प्राची ठाकुर के बारे में क्या कहेंगे…

00 आयुष व प्राची इस नये ज़माने के बेहतरीन आर्टिस्ट हैं। सोशल मीडिया में दौड़ रहे गानों में प्राची को लेकर जो कमेंट्स आ रहे हैं, इतनी तारीफ़ पहले किसी एक्ट्रेस की नहीं हुई। कितने ही छत्तीसगढ़ी सिनेमा प्रेमियों ने लिखा है- “हम प्राची के लिए फ़िल्म देखने जाएंगे।“ वहीं आयुष को देख लोगों को कहीं न कहीं ‘कहो न प्यार है’ फ़िल्म याद आ रही है। मेरी व्यक्तिगत राय है कि अनुज शर्मा के बाद छत्तीसगढ़ी सिनेमा में अब कोई दमदार हीरो सामने आ रहा है।

0 नीरज विक्रम के लिए डायरेक्शन का यह पहला मौका है। उन पर आपकी राय…

00 नीरज विक्रम जी को राइटिंग व प्रोडक्शन का लंबा अनुभव रहा है। बरसों मुम्बई में रहते हुए वे सिनेमा व सीरियल के माहौल को जीते आए हैं। पहली बार उन्होंने किसी छत्तीसगढ़ी फ़िल्म के डायरेक्शन की कमान संभाली है। एक राइटर व डायरेक्टर की जो छाप होती है वह फ़िल्म के हर फ्रेम में दिखेगी।

0 क्या आपकी पिछली फ़िल्मों की तरह गीत-संगीत के प्रति दीवानगी इस फ़िल्म में भी देखने मिलेगी…

00 सबसे ज़्यादा मेहनत गीत-संगीत पर ही हुई है। गीतों को लिखने से लेकर उन्हें संगीतबद्ध करने में छह महीने से ज़्यादा का समय लगा। सब अलग-अलग मूड के गाने हैं। रोमांटिक है तो सेड सॉग भी है। देवेश तिवारी अमोरा ने इस फ़िल्म के दो गाने लिखे हैं। साथ में डायलॉग भी। मेरी इस फ़िल्म में भी सुनील सोनी की गायकी व संगीत का कमाल देखने मिलेगा।

0 अगला बड़ा कदम क्या होगा…

00 ‘लैला टीपटॉप छैला अंगूठा छाप पार्ट-2’ बनाएंगे, जिसे मनोज वर्मा जी डायरेक्ट करेंगे। अभी इसकी स्टोरी लाइन पर  काम हो रहा है। यह फ़िल्म मई 2027 में रिलीज़ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *