मिसाल न्यूज़
रायपुर। बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से सिद्धार्थ चौक टिकरापारा होकर पचपेड़ी नाका चौक तक नगर निगम गौरव पथ-2 बनाने जा रहा है। लगभग 2300 मीटर मुख्य मार्ग पर बनने जा रहा यह पथ 24 मीटर चौड़ा होगा।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज बिजली ऑफिस चौक बूढ़ापारा से सिद्धार्थ चौक टिकरापारा होकर पचपेड़ी नाका चौक तक प्रस्तावित गौरव पथ 2 योजना की ड्राईंग डिजाइन संबंधित वार्ड पार्षदों को दी। गौरव पथ 2 के बनने से स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड, मौलाना अब्दुल रउफ वार्ड, शहीद पंकज विकम वार्ड, ब्रिगेडियर उस्मान वार्ड तथा शहीद राजीव पाण्डेय वार्ड की जनता को काफी सहूलियत होगी। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद श्रीमती स्वप्निल मिश्रा, प्रमोद कुमार साहू, एल्डरमेन मनीष करडमुजे को गौरव पथ 2 योजना की जानकारी दी। कार्यपालन अभियंता पद्माकर श्रीवास, सहायक अभियंता शैलेन्द्र पटेल एवं उपअभियंता सुश्री अर्जिता दीवान की उपस्थिति में पार्षदों को प्रस्तावित योजना से अवगत कराया गया। जानकारी दी गई कि गौरव पथ 2 सौंदर्यीकरण योजना के तहत बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से सिद्धार्थ चौक टिकरापारा होकर पचपेड़ी नाका चौक तक मार्ग के मध्य रोड डिवाईडर बनाकर सुन्दर लाईटिंग की जायेगी। मार्ग विभाजक के मध्य हरियाली बिखेरने पौधारोपण किया जायेगा। मार्ग के दोनों ओर पाथवे बनाया जाएगा। गौरव पथ 2 सौंदर्यीकरण योजना की अनुमानित लागत लगभग 15 करोड़ है।

