मिसाल न्यूज़
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के नगरीय निकाय सेवा की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती कृष्णा खटीक विगत 31 जुलाई को रायपुर नगर निगम के प्रभारी अपर कमिश्नर पद से सेवानिवृत्त हुईं। श्रीमती खटीक के सम्मान में आज नगर निगम मुख्यालय के सभाकक्ष में बिदाई एवं सम्मान कार्यक्रम रखा गया। नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ओर से निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने श्रीमती खटीक का बुके, श्रीफल, शाल से सम्मान करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने श्रीमती खटीक की सेवाओं को सराहा एवं उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की। अपर कमिश्नर लोकेश्वर साहू व विनोद पाण्डेय, जोन 10 कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा, निगम सामान्य प्रशासन विभाग अधीक्षक मोहित कुमार दर्रो तथा निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने श्रीमती खटीक की सेवाओं का उल्लेख करते हुए नगर निगम में उनके योगदान की सराहना की।
श्रीमती खटीक ने नगर निगम समान्य प्रशासन विभाग के स्टॉफ कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने प्लेसमेन्ट स्थापना के कंप्यूटर ऑपरेटर अजीत कसार द्वारा अनेक अवसरों पर देर रात्रि तक कार्यालय में आवश्यक सेवाएं देने को सराहा।सहयोग के लिए निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक धन्यवाद दिया। इस अवसर पर श्रीमती खटीक के परिवारजनों की उपस्थिति रही।
बिदाई समारोह में निगम मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता इमरान खान, डिप्टी कमिश्नरगण डॉ. अंजलि शर्मा, जसदेव सिंह बाबरा, श्रीमती जागृति साहू, संजय सिंह सोनवानी सहित सभी जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंतागण, सहायक अभियंताण, विभागों के प्रभारी अधिकारीगण तथा कर्मचारीगण उपस्थित थे।

