मिसाल न्यूज़
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव संपन्न शांतिपूर्ण तरीके से हुए पर कई स्थानों पर मतदान केन्द्रों में भारी अवव्यस्था होने से मतदाताओं को तकलीफ हुई। इसके कारण मतदान प्रतिशत में कमी आई है। कांग्रेस पार्टी ने बहुत अच्छे ढंग से नगर निगम व पालिका चुनाव लड़ा। रिजल्ट कांग्रेस के पक्ष में आएंगे।
रायपुर स्थित अपने निवास में मीडिया से बातचीत करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि वार्डों का परिसीमन इस प्रकार से कर दिया गया कि वोटर कहीं का था और मतदान कहीं और पर था। पत्नी का अलग बूथ में और पति का अलग बूथ में नाम था। कई मतदाता तो ऐसे भी रहे जिनका घर कहीं पे था और पांच बूथ क्रास करके छठवें बूथ पर उन्हें मतदान करने जाना पड़ा। परिसीमन जो गलत हुआ उस पर हम लोगों ने शिकायत भी की है। पूरे प्रदेश में 90 से 100 जगह ईवीएम बंद पाई गई। ईवीएम बंद हुए तो कुछ जल्दी बन गयए और कुछ ईवीएम को बनने में घंटों लग गए। बड़े शहरों में मतदान के प्रतिशत में कमी आई है। मतदान के दौरान इस प्रकार की अव्यवस्थाएं होती हैं तो लोग मतदान करने घर से नहीं निकलते। बड़े नगर निगम क्षेत्रों में वोट का प्रतिशत कम हुआ है। उस पर राजनीतिज्ञ विश्लेषज्ञ विश्लेषण कर रहे हैं, किसको फायदा होगा और किसको नुकसान।
बघेल ने कहा कि राजधानी रायपुर में मतदान वाले दिन घर घुसकर 60 लाख की डकैती की बड़ी घटना घट गई। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था तार-तार हो चुकी है। राजधानी में रोज गोली चल रही है। हत्याएं हो रही हैं, बलात्कार हो रहे हैं। न्यायधानी बिलासपुर में अवैध शराब से लोगों की मौत हो गई। सरकार छिपाने में लगी हुई है कि मौतें जहरीली शराब से नहीं मछली खाने से हुई है।

