मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर महापौर चुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्रीमती मीनल चौबे ने कांग्रेस उम्मीदवार श्रीमती दीप्ति प्रमोद दुबे को 1 लाख 53 हजार 290 मतों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इससे पहले मीनल रायपुर नगर निगम में लगातार 3 बार पार्षद रहने के साथ 2020 से 2024 के बीच निगम नेता प्रतिपक्ष भी रही हैं। मीनल पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत खेमे की मानी जाती हैं।
श्रीमती मीनल चौबे का जन्म स्थान रायपुर ही है। स्कूली जीवन में ही वे छात्र राजनीति में आ गई थीं और यह सिलसिला कॉलेज की पढ़ाई में भी जारी रहा। यह भी संयोग रहा कि छगन चौबे जिनसे उनका विवाह हुआ राजनीति से जुड़े हैं। छगन चौबे 2004 में भाजपा की टिकट पर रायपुर नगर निगम के पार्षद बने थे। उनके बाद श्रीमती चौबे 2009, 2014 एवं 2019 यानी लगातार तीन बार पार्षद चुनी जाती रहीं। 2019 में जब रायपुर नगर निगम में कांग्रेस की सत्ता चुनकर आई श्रीमती चौबे को निगम नेता प्रतिपक्ष का उत्तरदायित्व मिला था। 2023 में अमलीडीह में नगर निगम व्दारा 3 करोड़ की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन पर एक बड़े कांग्रेस नेता का कब्जा हो जाने का बड़ा खुलासा हुआ था। नगर निगम की सामान्य सभा में श्रीमती चौबे ने इस मुद्दे को उठाते हुए सत्ता दल कांग्रेस को काफी आक्रामक अंदाज में घेरा था। श्रीमती चौबे एवं उनके साथी भाजपा पार्षदों के विरोध के बाद वह सामुदायिक भवन कब्जे से मुक्त भी हुआ था।
श्रीमती चौबे भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष (2009), भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री (2014) एवं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष (2019) भी रही हैं।
रायपुर नगर निगम
अंतिम परिणाम :
कुल विधिमान्य मत: 509146
मीनल चौबे (भाजपा):315835
दीप्ति दुबे (कांग्रेस):162545
जीत: 153290 (भाजपा)

