मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम के विभिन्न जोनों में आने वाले वार्डों में कराये जा रहे पेवर कार्य के स्तरहीन होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। यह काम अम्बे रियल इंफा कर रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आज नगर निगम लोककर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने नेताजी सुभाष स्टेडियम के सामने प्रगतिरत पेवर कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। कार्य गुणवत्ताहीन मिला। जायसवाल ने अम्बे रियल इंफा की निविदा नियमानुसार निरस्त कर नाम काली सूची में डालने के निर्देश वहां मौजूद अधिकारियों को दिए।
सुभाष स्टेडियम के सामने हो रहे पेवर कार्य की बेस वर्क की मोटाई 4 इंच के स्थान पर कहीं डेढ़ इंच तो कहीं पर दो इंच मिली। अनुबंधित एजेंसी ठेकेदार द्वारा शहर के विभिन्न जोनों में लगभग 1 करोड़ का पेवर कार्य कराया जा रहा है। स्टेडियम के पास निरीक्षण के दौरान निगम के नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग अध्यक्ष मनोज वर्मा, कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा (जुनियर) एवं उपअभियंता सुश्री अर्जिता दीवान उपस्थिति थीं।