‘सत्य मेव जयते’ पोस्टर के साथ कांग्रेस विधायक पहुंचे विधानसभा… कार्यवाही स्थगित…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। विधानसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायकगण सत्य मेव जयते पोस्टर के साथ सदन में पहुंचे। सत्ता पक्ष के विधायकों ने इसका विरोध किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा की नियमावली अंतर्गत इस तरह पोस्टर लेकर सदन में नहीं आया जा सकता। पोस्टर को लेकर सदन के भीतर लगातार शोरगुल की स्थिति बनी रही और विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही 3 बार स्थगित करनी पड़ी।

कार्यवाही शुरु होते ही प्रश्नकाल के दौरान पोस्टर लिए कांग्रेस विधायकगण सदन के भीतर प्रवेश किए, भाजपा विधायक व्दय अजय चंद्राकर एवं धर्मजीत सिंह ने इस पर आपत्ति की। इनकी बातों का नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव ने विरोध किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रश्नकाल का एक घंटा काफी महत्वपूर्ण बताते हुए कांग्रेस विधायकों से पोस्टर बाहर छोड़कर आने कहा। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कुछ कहना चाहा तो पुनः अजय चंद्राकर एवं धर्मजीत सिंह की ओर से विरोध शुरु हो गया। इसके बाद दोनों तरफ से शोरगुल होने लगा। नारेबाजी होनी लगी। विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

सदन की कार्यवाही दोबारा शुरु हुई तो कांग्रेस विधायकगण फिर पोस्टर के साथ पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बोलना शुरु किया ही था कि अजय चंद्राकर की तरफ से तेज विरोध शुरु हो गया। फिर दोनों तरफ से शोरगुल होने लगा। अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही दोबारा 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

सदन की कार्यवाही पुनः शुरु होने पर पूर्व वाला ही घटनाक्रम सामने था। कांग्रेस विधायकण पोस्टर लिए हुए थे। डॉ. चरणदास महंत ने कहना शुरु ही किया था कि अजय चंद्राकर की भी तरफ से तेज आवाज़ आनी शुरु हो गई। इसके साथ ही सत्ता पक्ष एवं विपक्ष दोनों ही तरफ से भारी शोरशराबा होने लगा। विधानसभा अध्यक्ष ने संविधान की किताब का हवाला देते हुए इस तरह पोस्टर लेकर आने पर नाराजगी जताई और कहा कि सदन 12 बजे के बाद लगेगा। आगे की कार्यवाही में पोस्टर हटाकर भाग लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *