मिसाल न्यूज़
रायपुर। उप मुख्यमंत्री (नगरीय प्रशासन) अरुण साव ने आज जीई रोड पर एनआईटी के सामने समीप नालंदा फेस- 2 का भूमि पूजन करने के बाद मंच से कहा कि पूरे प्रदेश में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का सबसे तेज विकास हो रहा है। इस दौरान रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप समेत विधायकगण राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा एवं महापौर श्रीमती मीनल चौबे की विशेष उपस्थिति रही। नालंदा परिसर फेस-2 का निर्माण 21 करोड़ 7 लाख की लागत से होने जा रहा है। यह 1017 सीटर होगा।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नारियल फोड़कर कुदाल चलाकर भूमि पूजन किया। मंच पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे के नेतृत्व में गज माला से उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने मंच से सभी नागरिकों को बसंत पंचमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी एवं भारतमाता के वीर सपूत नेताजी सुभाषचंद्र बोस को जयंती अवसर पर नमन किया। उन्होंने कहा कि नालंदा फेस 2 परिसर में आने वाले सभी विद्यार्थियों पर माता सरस्वती की कृपा होगी। छत्तीसगढ़ सरकार लगातार अद्भूत विकास कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवासहीन नागरिकों को मकान मिल रहे हैं। महतारी वंदन योजना में बहनों को नियमित मासिक राशि मिल रही है। पूरे प्रदेश में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का सबसे तेज विकास हो रहा है। नालंदा फेस- 2 परिसर इस बात का शानदार उदाहरण है। विष्णु देव साय सरकार सदैव जनहित में कार्य करती है। उन्होने नालंदा फेस 2 परिसर योजना कियान्वयन हेतु लगातार सतत् प्रयास करने पर विधायक राजेश मूणत की सराहना की। उपमुख्यमंत्री ने नालंदा फेस 1 से शिक्षा ग्रहण कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि नालंदा फेस 2 परिसर भी प्रतियोगी परीक्षाओ में सफलता के नये सोपान कायम करेगा।
मूणत के प्रयासों से
हुआ संभव- कश्यप
रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आज बसंत पंचमी के शुभ पावन अवसर पर राज्य सरकार की ओर राजधानीवासियो को ऐतिहासिक शानदार सौगात नालंदा फेस 2 परिसर के भूमिपूजन के रूप में मिली है। यह कार्य उपमुख्यमंत्री अरूण साव के नेतृत्व एवं विधायक राजेश मूणत के सतत् प्रयासों के सुफल स्वरूप फलीभूत हो रहा है।
संकल्प पूरा
करेंगे- मूणत
विधायक राजेश मूणत ने बसंत पंचमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में नालंदा फेस-2 की सौगात देने के लिए मंच से उपमुख्यमंत्री साव को हार्दिक धन्यवाद दिया। मूणत ने कहा कि एजुकेशन हब में शिक्षा का विकास करने का संकल्प पूरा करेंगे। यहां चारों ओर शिक्षण संस्थाएं हैं। ऐसे स्थान पर पूर्ववर्ती सरकार के समय खाने पीने की दुकानें लगा दी गई थीं। पूर्ववर्ती सरकार ने अपने कार्यकाल में केवल घोषणाएं की काम कुछ नहीं किया। पूर्व में डॉ. रमन सिंह की सरकार के 15 वर्ष के कार्यकाल एवं वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार के 2 वर्ष के कार्यकाल का नतीजा है कि राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ का अद्भुत विकास हुआ। पूर्ववर्ती सरकार के विगत 5 वर्ष के कार्यकाल में विकास का सिलसिला पूरी तरह थमा रहा जो अब तेज गति से प्रारंभ हो गया है।
स्वाद पर शिक्षा
भारी- महापौर
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि आज बसंत पंचमी के शुभ पावन पर्व पर यह सिद्ध हो गया कि स्वाद पर शिक्षा भारी पड़ी है। यहां शहर के हृदय स्थल में चारों ओर शिक्षण संस्थाएं होने से नालंदा फेस 2 परिसर का लाभ अधिकाधिक विद्यार्थियो को मिलेगा। उनका जीवन और कैरियर अवश्य संवरेगा। पहले यहां अव्यवस्थित रूप से स्वाद के नाम पर स्थान घेरकर दुकानें सजा दी गई थीं। अब यहां व्यवस्थित रूप से नालंदा परिसर बनेगा जिस क्षेत्र में माता सरस्वती का वास होगा।
इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने कहा कि नालंदा फेस 2 परिसर में 90 सीटों वाला व्याख्यान कक्ष किराए पर उपलब्ध कराया जाएगा। विशाल पार्किंग होगी। कैफेटोरिया, जिम, स्पोर्ट जोन, बच्चो का खेल क्षेत्र, इंडोर गेम्स आदि सुविधाएं मिलेंगी। नालंदा परिसर फेस 2 का निर्माण समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जायेगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ राज्य लौह शिल्पकार विकास बोर्ड अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य इंडस्ट्रीयल डेव्हलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, रायपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष नंद कुमार साहू, नगर निगम लोककर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, जोन 7 अध्यक्ष श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा, पंडित ईश्वरीचरण शुक्ल वार्ड पार्षद श्रीमती मीना ठाकुर, शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, नगर निगम के एमआईसी सदस्यगण, जोन अध्यक्षगण अन्य पार्षदगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन नगर निगम अपर कमिश्नर विनोद पाण्डेय ने किया।

