दीपक बैज ने कहा- सावधानी बरती गई होती तो वेदांता पावर वाली दुर्घटना न होती… डॉ. महंत ने कहा- भाजपा सरकार अनुभवहीन सेठों को कारखाने बेचने का काम करती रही है…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया  कि वेदांता पावर में हुई दुर्घटना के लिए छत्तीसगढ़ सरकार का उद्योग विभाग और संयंत्र प्रबंधन जिम्मेदार है। हमने वहां पर जाकर जो देखा और लोगों से चर्चा में सुना उससे यही निष्कर्ष निकलता है कि यदि पहले से सावधानी बरती गई होती तो इतनी बड़ी जनहानि नहीं हुई होती। वहीं विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अनुभवहीन सेठों को कारखाने बेचने का काम करती रही है। डॉ. महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार आग से गंभीर रूप से घायल होने वालों के इलाज के लिये प्रदेश में सर्वसुविधायुक्त बर्न हॉस्पिटल बनवाए।

राजीव भवन में आज प्रेस  कांफ्रेंस में दीपक बैज  ने  कहा कि मैं, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कांग्रेस व्दारा गठित जांच समिति के संयोजक जयसिंग अग्रवाल व विधायक साथीगण घटना स्थल पर गए। वहां जाने पर मालूम हुआ कि किसानों की जमीन लेकर स्ट्रक्चर खड़ा किया गया था। वेदांता पावर पहले एथेना पावर के नाम से संचालित था, जो 10 वर्षो तक बंद पड़ा था। फिर इसे वेदांता ग्रुप ने खरीदा 10 वर्षों तक बंद पड़ी रही फैक्ट्री को जब शुरू किया गया तो पुराने उपकरणों की बदली नहीं की गई। वहां हमने देखा कि बहुत सी मशीनें जंग खाई हुई हैं। राज्य में पिछले ढाई सालों में औद्योगिक दुर्घटना में लगभग 300 श्रमिकों की जानें जा चुकी हैं। अभी की घटना में 20 लोगों की मौत हो चुकी है। इस मामले में एफआईआर तो की गई लेकिन जमानतीय धारायें लगाई गई हैं। जब कांग्रेस का जांच दल प्लांट पहुंचा था हड़बड़ाकर छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री ने अस्पताल की तरफ दौड़ लगाई।

बैज ने कहा कि सवाल यह कि सरकार का उद्योग सेफ्टी विभाग क्या कर रहा था? दुर्घटना के पहले बायलर सुरक्षा जाँच अधिकारी व्दारा नियमित जाँच कब की गई थी? किलेन और बायलर की जब नियमित सफाई होती है तो इस मेंटेनेन्स के पहले उद्योग सुरक्षा विभाग इसका निरीक्षण क्यों नहीं करता? जब एक बायलर की सफाई की जाती है, तो दूसरे किलेन या बायलर को बंद रखा जाना चाहिए, यहां पर उस मानक का पालन नहीं किया गया। यदि दूसरा बायलर बंद रहता तो स्वाभाविक है, तापमान नियंत्रित नहीं रहता और ब्लास्ट होने की संभावना होती। भाजपा की सरकार में छत्तीसगढ़ में औद्योगिक सुरक्षा की स्थिति भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है, मजदूरों की सुरक्षा पर ध्यान नहीं देने से दुर्घटनाएं हो रही हैं।

फैक्ट्री में लगे चीनी

सामान -डॉ. महंत

विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रेस कांफ्रेंस में  कहा कि भाजपा की सरकार में छत्तीसगढ़ में औद्योगिक सुरक्षा को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। मजदूरों की सुरक्षा पर ध्यान नहीं देने से दुर्घटनाएं हो रही हैं।  वेदांता पॉवर में बहुत सामान्य धाराओं में एफआईआर हुई है। धाराएं ऐसी हैं कि घर बैठे जमानत मिल जाए। हमारी मांग है दोषी लोगों की गिरफ्तारी हो। घटना पर सरकार की जांच की घोषणा से हम संतुष्ट नहीं हैं। इतनी बड़ी घटना की जांच एसडीएम कर रहे हैं। हमारी मांग है कि हाईकोर्ट के सीटिंग जज से जांच कराई जाये। यह घटना बलवान मंत्री कहलाने वाले ओ.पी. चौधरी के घर से 5 किलोमीटर दूर पर हुई है। कभी उन्होंने कंपनी की सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी नहीं समझा। पिछले 3 वर्षों में 256 लोग दुर्घटना के शिकार हुए हैं। सारी घटनाएं भाजपा सरकार के दौरान हो रही हैं। पहले भी बॉल्को संयंत्र में 40 लोगों की मौत हुई थी, अब 20 लोगों की मौत हो गई, जो कि प्रबंधन की घोर लापरवाही को दर्शाता है। ज्यादा मुनाफा कमाने प्रबंधन ने चीनी सामानों का उपयोग करते हुए फैक्ट्री खड़ी की। गलत तथा खराब मशीनरी के उपयोग के कारण दुर्घटना हुई है। हमारी मांग है कि घायलों का मुंबई, कोयम्बटूर, हैदराबाद के बड़े अस्पतालों के बर्न यूनिट में ईलाज कराया जाये।

पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र तिवारी, महामंत्री दीपक मिश्रा, कांग्रेस प्रवक्तागण धनंजय सिंह ठाकुर, घनश्याम राजू तिवारी, सुरेन्द्र वर्मा, अजय गंगवानी एवं सुनील कुकरेजा उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *