कई रंगों में रंगा ‘महूं दिलवाला तहूं दिलवाली’ का ट्रेलर… 12 जून को रुपहले पर्दे पर दस्तक…

मिसाल न्यूज़

12 जून को छत्तीसगढ़ के सभी सिंगल स्क्रीन एवं मल्टीप्लेक्स में रिलीज़ होने जा रही फ़िल्म ‘महूं दिलवाला तहूं दिलवाली’ का ट्रेलर सोशल मीडिया में तूफानी रफ़्तार से दौड़ रहा है।

शुभ फ़िल्म्स एवं एस.जे. फ़िल्म्स प्रज़ेन्टेशन के साथ ट्रेलर की शुरुआत होती है। फिर पर्दे पर उभरती है ‘मया’, ‘टूरा रिक्शा  वाला’, ‘लैला टीपटाप छैला अंगूठा छाप’ एवं ‘महूं कुंवारा तहूं कुंवारी’ लाइनें, जो कि प्रोड्यूसर रॉकी दासवानी की यादगार फ़िल्में रही हैं। मधुर गीत के साथ आयुष राजवैद्य एवं प्राची ठाकुर का चेहरा स्क्रीन पर उभरते ही अहसास होता है कि छत्तीसगढ़ी सिनेमा को दो फ्रेश चेहरे मिल गए और दोनों लंबी पारी खेल सकते हैं। फ़िल्म के हर गाने में भव्यता दिख रही है। आयुष व प्राची के बाद करण खान व प्रकाश अवस्थी के सीन बारी-बारी से सामने आते हैं। दोनों एंग्री अंदाज़ में डायलॉग बोलते नज़र आए हैं। ‘सोन के नथिनी’ फ़ेम शालिनी विश्वकर्मा “अब बगवा फसिस मोर जाल म…” जैसा डायलॉग मक्कारी भरे अंदाज़ में बोलते हुए ध्यान खिंचती हैं। बताते हैं शालिनी इस फ़िल्म से पहली बार नेगेटिव किरदार में हाथ आज़माई हैं। छत्तीसगढ़ी व भोजपुरी सिनेमा में अपने अभिनय का जलवा दिखाते रहे संजय महानंद के कुछ कॉमेडी सीन गुदगुदाते हैं। एक्शन व कोरियोग्राफी कमाल की दिख पड़ी है। ट्रेलर देखने पर लगता है राइटर व डायरेक्टर नीरज विक्रम ने ‘महूं दिलवाला तहूं दिलवाली’ के हर फ्रेम पर काफ़ी मेहनत की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *