मिसाल न्यूज़
रायपुर। विधानसभा में आज उप मुख्यमंत्री (नगरीय प्रशासन) अरुण साव की ओर से जवाब आया कि रायपुर शहर में लगे होर्डिंग सुदृढ़ अवस्था में हैं। इनसे जन-धन हानि होने की कोई संभावना नहीं है।
विधानसभा में भाजपा विधायक सुनील सोनी की तरफ से सवाल लगा था कि रायपुर शहर अंतर्गत कितने एजेंसियों के व्दारा होर्डिंग्स और विज्ञापन बोर्ड हेतु पंजीयन कराया गया है? इनमें से कितने विज्ञापन एजेसियों के व्दारा 16 जून तक की स्थिति में भौतिक सत्यापन कराया गया है? कितनी विज्ञापन एजेंसियों के होर्डिंग्स एवं विज्ञापन बोर्ड जर्जर पाए गए, जिससे कि जन धन की हानि की संभावना हो सकती है? जर्जर हो चुके होर्डिंग्स और विज्ञापन बोर्ड को हटाने हेतु क्या विभागीय कार्यवाही की गई?
उप मुख्यमंत्री अरूण साव की ओर से जवाब आया कि रायपुर नगर निगम क्षेत्रांतर्गत वर्तमान में कुल 377 विज्ञापन एजेंसियां पंजीकृत हैं। 115 एजेसियों व्दारा 987 विज्ञापन बोर्ड लगाए गए हैं। 22 विज्ञापन एजेंसियों के व्दारा लगाए गए कुल 558 होर्डिंग्स एवं विज्ञापन बोर्ड में से 461 होर्डिंग्स एवं विज्ञापन बोर्ड का भौतिक सत्यापन संरचना इंजीनियर के माध्यम से 16 जून तक की स्थिति में कराकर संरचना स्टेबिलिटी प्रमाण पत्र पुनः जमा कराया गया है। रायपुर नगर निगम के समस्त जोन इंजीनियरों व्दारा निरीक्षण कराये जाने पर मेसर्स राजधानी एडवरटाईजिंग एजेंसी के 02 होर्डिंग्स बोर्ड में कमियां परिलक्षित होने पर नोटिस जारी किया गया। संबंधित एजेंसी व्दारा जांच करवाकर नगर निगम से पंजीकृत संरचना इंजीनियर व्दारा जारी संरचना स्टेबिलिटी प्रमाण पत्र जमा कराया गया। उक्त होर्डिंग सुदृढ़ अवस्था में है एवं जन-धन हानि होने की कोई संभावना नहीं है।

